भोपाल(ईन्यूज एमपी)- मध्यप्रदेश भाजपा के प्रदेश कोर ग्रुप की महत्वपूर्ण बैठक बुधवार शाम 5 बजे प्रदेश कार्यालय में होगी। बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। बैठक में आगामी पंचायत एवं नगरीय निकाय चुनाव की तैयारियों और संगठन को मजबूत करने के साथ सत्ता और संगठन के बीच बेहतर समन्वय को लेकर चर्चा होने की संभावना है। नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देब, सह प्रभारी रेखा वर्मा और संगठन महामंत्री चंद्रशेखर तिवारी भी पहली बार कोर ग्रुप की बैठक में शामिल होंगे। प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देब बुधवार सुबह लालघाटी स्थित गुफा मंदिर के बूढ़े हनुमान मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद वे पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। शाम 4 बजे भाजपा प्रदेश कार्यालय में कार्यकर्ताओं से भेंट के बाद शाम 5 बजे कोर ग्रुप की बैठक में शामिल होंगे। प्रदेश सह प्रभारी रेखा वर्मा सुबह 11:30 बजे भाजपा प्रदेश कार्यालय में कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगी। इसके बाद वे पार्टी कार्यकर्ता के निवास पर भोजन करेंगी और शाम को कोर ग्रुप की बैठक में शामिल होंगी। बैठक के अगले दिन 1 अक्टूबर को भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश पदाधिकारियों, संभाग प्रभारियों और विभिन्न मोर्चों के प्रदेश अध्यक्षों की परिचय बैठक होगी। इसमें प्रदेश प्रभारी, सह प्रभारी और संगठन महामंत्री भी शामिल होंगे।