सीधी समेत 26 जिलों में औसत से ज्यादा बारिश, प्रदेश में अब तक कोटे की 95.8% बारिश भोपाल(ईन्यूज एमपी)- मध्य प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून अब विदाई की ओर बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले एक सप्ताह के भीतर प्रदेश से मानसून की वापसी शुरू होने के आसार हैं। अगले चार दिनों के दौरान प्रदेश के किसी भी जिले में भारी या अति भारी बारिश की संभावना नहीं है। मंगलवार से उज्जैन, इंदौर और ग्वालियर-चंबल संभाग के कई हिस्सों में तेज धूप खिलने लगेगी। रविवार तक प्रदेश में औसतन 37.7 इंच बारिश दर्ज की जा चुकी है, जो सामान्य बारिश के कोटे का 95.8 प्रतिशत है। सामान्य बारिश की श्रेणी में आने के लिए अब महज 0.2 प्रतिशत बारिश की जरूरत है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक अगले तीन दिनों में कहीं हल्की बारिश भी होती है तो प्रदेश सामान्य बारिश की श्रेणी में पहुंच सकता है। 48 घंटे की बारिश के बाद कमजोर पड़ा सिस्टम पिछले दिनों गहरे अवदाब के प्रभाव से प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में करीब 48 घंटे तक भारी से अति भारी बारिश का दौर चला। लगातार बारिश के कारण कई नदियां उफान पर आ गईं और कई बांधों के गेट खोलकर पानी छोड़ा गया। रविवार से मौसम सिस्टम कमजोर पड़ने लगा, जिसके बाद भारी बारिश का दौर थम गया। भोपाल, इंदौर, जबलपुर सहित कई जिलों में रविवार को धूप-छांव की स्थिति रही। सोमवार से सिस्टम की सक्रियता कम होने के कारण प्रदेश के बड़े हिस्से में मौसम साफ रहने और कई जिलों में तेज धूप निकलने का अनुमान है। पूर्वी MP में सामान्य से 4% ज्यादा बारिश प्रदेश के पूर्वी हिस्से में जबलपुर, रीवा, सागर और शहडोल संभाग में अब तक सामान्य से करीब 4 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई है। हालांकि बालाघाट, छिंदवाड़ा, दमोह, जबलपुर, नरसिंहपुर, पांढुर्णा, रीवा, सागर और सिवनी में सामान्य से 2 से 20 प्रतिशत तक कम बारिश हुई है। पश्चिमी मध्य प्रदेश के आलीराजपुर, अशोकनगर, बड़वानी, बैतूल, देवास, धार, हरदा, इंदौर, झाबुआ, खंडवा, मंदसौर, मुरैना, नर्मदापुरम, नीमच, रायसेन, रतलाम, सीहोर, शाजापुर, उज्जैन और विदिशा में सामान्य से 9 से 51 प्रतिशत तक कम बारिश दर्ज की गई है। सीधी समेत इन जिलों में सामान्य से ज्यादा बारिश मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार अनूपपुर, छतरपुर, डिंडौरी, कटनी, मैहर, मंडला, मऊगंज, निवाड़ी, पन्ना, सतना, शहडोल, सीधी, सिंगरौली, टीकमगढ़, उमरिया, आगर-मालवा, भिंड, भोपाल, बुरहानपुर, दतिया, गुना, ग्वालियर, खरगोन, राजगढ़, श्योपुर और शिवपुरी में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई है। मानसून की विदाई शुरू होने के साथ ही अब प्रदेश में बारिश का दौर कमजोर पड़ने की संभावना है। मौजूदा आंकड़ों के आधार पर इस साल प्रदेश में सामान्य बारिश के 100 प्रतिशत आंकड़े तक पहुंचने की संभावना कम बताई जा रही है।