डॉ. सोनल अग्रवाल की सेवाएं खत्म, औषधि निरीक्षक राधेश्याम बट्टी निलंबित; अथर्व ब्लड सेंटर पर FIR के निर्देश रीवा(ईन्यूज एमपी)-रीवा में मरीजों के उपचार में लापरवाही और अनियमितताओं के मामलों में शासन ने कड़ी कार्रवाई की है। श्याम शाह चिकित्सा महाविद्यालय, रीवा के प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग में सहायक प्राध्यापक डॉ. सोनल अग्रवाल की सेवाएं 16 सितंबर 2026 की अपराह्न से समाप्त कर दी गई हैं। डॉ. अग्रवाल के खिलाफ मरीजों को नर्सिंग होम जाने के लिए बाध्य करने की शिकायत सामने आई थी। मामले की जांच के लिए गठित उच्च स्तरीय समिति ने जांच के बाद उनके विरुद्ध दीर्घशास्ति की अनुशंसा की थी। स्पष्टीकरण और जांच प्रतिवेदन के परीक्षण के बाद कार्यकारिणी समिति के संकल्प के आधार पर यह कार्रवाई की गई। आदेश के अनुसार डॉ. सोनल अग्रवाल भविष्य में किसी भी शासकीय या स्वशासी सेवा के लिए अनर्ह होंगी। औषधि निरीक्षक भी निलंबित वहीं, कल्पना मिश्रा की प्रसव के दौरान रीवा में हुई मृत्यु के संबंध में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन द्वारा गठित जांच समिति की कार्यवाही के बाद अथर्व ब्लड सेंटर से जुड़े औषधि निरीक्षक राधेश्याम बट्टी को निलंबित किया गया है। शासन के अनुसार उन पर गंभीर लापरवाही, स्वेच्छाचारिता और अनुशासनहीनता के आरोपों के चलते मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के नियम 9 के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबन की कार्रवाई की गई है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय उपसंचालक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, जिला शहडोल निर्धारित किया गया है। अथर्व ब्लड सेंटर पर आपराधिक प्रकरण अथर्व ब्लड सेंटर, रीवा में सामने आई अनियमितताओं के मामले में संबंधित अधीनस्थ औषधि निरीक्षक के माध्यम से आपराधिक प्रकरण दर्ज कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। शासन की इस कार्रवाई के बाद स्वास्थ्य और औषधि प्रशासन से जुड़े मामलों में जिम्मेदारी तय करने की प्रक्रिया तेज होने की संभावना है।