सीधी(ईन्यूज एमपी)- जिले के चुरहट थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अमरपुर के बेहड़ा मोड़ के पास वैष्णवी बस और कार के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार एक महिला और दो पुरुषों की मौत हो गई, जबकि पांच वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल बच्ची को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार दुर्घटना शुक्रवार दोपहर करीब डेढ़ बजे हुई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और बस का अगला हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और सड़क पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद कार में सवार तीन लोगों के शव सड़क पर पड़े थे, जबकि पांच साल की बच्ची खून से लथपथ हालत में कार के अंदर रो रही थी। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने तत्काल डायल 112 और एंबुलेंस को सूचना दी। स्थानीय लोगों की मदद से बच्ची को कार से बाहर निकाला गया। सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। चुरहट पुलिस के अनुसार हादसे में जान गंवाने वालों में मैहर जिले के देवरा निवासी अनिल तिवारी (35) और मनोरमा तिवारी (30) शामिल हैं। तीसरे मृतक की पहचान की पुष्टि नहीं हो सकी है। वहीं घायल पांच वर्षीय बच्ची ने अपना नाम रानी तिवारी बताया है। चुरहट अस्पताल में पदस्थ डॉक्टर अनूप सिंह के अनुसार दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हुई है, जबकि घायल बच्ची की हालत गंभीर बनी हुई है। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। स्थानीय लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस के पहुंचने तक घायल बच्ची को बचाने में मदद की। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। इस दर्दनाक दुर्घटना ने एक परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। हादसे में तीन लोगों की मौत और मासूम बच्ची के गंभीर रूप से घायल होने से क्षेत्र में शोक का माहौल है।