भोपाल(ईन्यूज एमपी)-मध्यप्रदेश में चक्रवाती तूफान 'अर्नब' के प्रभाव से मौसम का मिजाज बदल गया है। प्रदेश के कई जिलों में पिछले दो दिनों से आंधी और बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों यानी 2 नवंबर तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश होने की संभावना जताई है। शुक्रवार को ग्वालियर, जबलपुर सहित 33 जिलों में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश की चेतावनी जारी की गई है। बारिश और सर्द हवाओं के कारण प्रदेश में तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा रही है। गुरुवार को कई इलाकों में दिन का तापमान करीब 2 डिग्री सेल्सियस तक नीचे आ गया। मौसम में आए इस बदलाव से लोगों को दिन में भी ठंडक महसूस होने लगी है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को सीधी, सिंगरौली, रीवा, मऊगंज, सतना, मैहर, शहडोल, उमरिया और अनूपपुर सहित प्रदेश के 33 जिलों में आंधी और हल्की बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके अलावा ग्वालियर, गुना, शिवपुरी, दतिया, मुरैना, भिंड, जबलपुर, कटनी, मंडला, डिंडौरी, बालाघाट, सागर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी समेत अन्य जिलों में भी मौसम प्रभावित रहने की संभावना है। वहीं भोपाल, रायसेन, सीहोर, नरसिंहपुर, सिवनी, छिंदवाड़ा, बैतूल, नर्मदापुरम, इंदौर, उज्जैन, देवास, रतलाम, धार, झाबुआ, खरगोन और बुरहानपुर सहित कई जिलों में मौसम साफ रहने और धूप निकलने के आसार जताए गए हैं। अचानक हो रही बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। खेतों में खड़ी धान की फसल और खुले में रखी कृषि उपज को नुकसान पहुंचने की आशंका है। पांढुर्णा की मंडी में खुले में रखे मक्के के ढेर बारिश में भीग गए, जिससे हजारों क्विंटल मक्का खराब होने की आशंका जताई जा रही है। छिंदवाड़ा सहित कई जिलों में धान की फसल खेतों में खड़ी है। ऐसे में बारिश से धान के दानों की गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है। रायसेन के दशहरा मैदान में करीब 200 ट्रॉलियों में धान लेकर पहुंचे किसानों को भी बारिश के बीच अपनी उपज सुरक्षित रखने के लिए मशक्कत करनी पड़ी। गुरुवार को भोपाल, सागर, सिंगरौली, पांढुर्णा, मैहर, दमोह, सीहोर और नर्मदापुरम सहित कई जिलों में बारिश दर्ज की गई। बेमौसम बारिश से जहां धान और मक्का उत्पादक किसानों की मुश्किलें बढ़ी हैं, वहीं तुअर, कपास और संतरे की फसलों को बारिश से राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। आंधी और बारिश के कारण प्रदेश में ठंड का असर बढ़ने लगा है। गुरुवार रात पचमढ़ी में न्यूनतम तापमान 15.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। नौगांव में 15.6, अमरकंटक में 16.1, खरगोन और दमोह में 17 तथा धार में 17.1 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा। मौसम विभाग के अनुसार आगामी चार दिनों तक प्रदेश में मौसम का उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है। ऐसे में किसानों और आम नागरिकों को मौसम संबंधी चेतावनियों पर ध्यान देने की जरूरत है।