enewsmp.com
Home विंध्य प्रदेश एन एच किनारे बने घर में पलटा कोयले से भरा ट्रक,तीन बकरियों की मौत

एन एच किनारे बने घर में पलटा कोयले से भरा ट्रक,तीन बकरियों की मौत

शहडोल(ईन्यूज एमपी)- जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। रामपुर खदान से कोयला लेकर अनूपपुर जा रहा एक ट्रक अमलाई थाना क्षेत्र में अचानक टायर फटने के बाद अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे बने एक मकान के कमरे पर पलट गया। हादसे में कमरे को काफी नुकसान पहुंचा, जबकि ट्रक की चपेट में आने से तीन बकरियों की मौत हो गई। दुर्घटना में ट्रक चालक घायल हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रक कोयला लेकर अपने गंतव्य की ओर जा रहा था। इसी दौरान एनएच-43 पर अचानक उसका टायर फट गया। इससे चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित ट्रक सड़क से नीचे उतर गया और पास में बने मकान के कमरे पर पलट गया। ट्रक का भारी वजन पड़ने से कमरे और उसमें रखे सामान को नुकसान पहुंचा।

हादसे के समय मकान में रहने वाले परिवार के सभी सदस्य आंगन में मौजूद थे। इस वजह से वे ट्रक की चपेट में आने से बच गए। हालांकि, दुर्घटना में तीन बकरियों की जान चली गई। यदि परिवार के सदस्य कमरे में मौजूद होते, तो हादसा और भी गंभीर हो सकता था।

घटना की सूचना मिलते ही अमलाई थाना प्रभारी भूपेंद्र मणि पांडे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायल ट्रक चालक को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया और दुर्घटना की जांच शुरू कर दी।

प्रारंभिक जानकारी में टायर फटना हादसे की वजह बताई जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। हादसे के बाद मकान के कमरे और सामान को हुए नुकसान से परिवार को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

Share:

Leave a Comment