enewsmp.com
Home विंध्य प्रदेश दर्दनाक हादसा: ट्रैक्टर से गिर कर युवक की मौत, सदमे में चाचा ने तोड़ा दम...

दर्दनाक हादसा: ट्रैक्टर से गिर कर युवक की मौत, सदमे में चाचा ने तोड़ा दम...

मऊगंज(ईन्यूज एमपी)- मध्यप्रदेश के मऊगंज जिले में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान हुए दर्दनाक हादसे ने एक ही परिवार में दो लोगों की जान ले ली। प्रतिमा विसर्जन के लिए जा रहे 28 वर्षीय युवक की ट्रैक्टर से गिरकर मौत हो गई। बुधवार सुबह भतीजे की मौत की खबर सुनकर शव देखने पहुंचे 84 वर्षीय चाचा सदमे में आ गए। परिजनों के मुताबिक, उन्हें हार्ट अटैक आया और करीब एक घंटे बाद उनकी भी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

तेज रफ्तार ट्रैक्टर से गिरा युवक, पेट के ऊपर से गुजरा पहिया

मृतक की पहचान लालेंद्र सिंह (28), निवासी सगरा गांव, थाना लौर के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, नवरात्रि के दौरान घर में दुर्गा प्रतिमा स्थापित की गई थी। मंगलवार रात परिवार के लोग न्यू सोनालिका ट्रैक्टर से प्रतिमा विसर्जन के लिए नईगढ़ी स्थित अष्टभुजा धाम जा रहे थे।

इसी दौरान नईगढ़ी थाना क्षेत्र के लालगंज तिराहे के पास ट्रैक्टर की रफ्तार तेज होने के कारण आगे बैठा लालेंद्र नीचे गिर गया। गिरते ही ट्रैक्टर का पिछला पहिया उसके पेट के ऊपर से गुजर गया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई।

बुधवार सुबह करीब 8 बजे कृष्ण कुमार सिंह (84) को भतीजे की मौत की जानकारी मिली। इसके बाद वे उसका शव देखने पहुंचे। परिजनों के अनुसार, भतीजे का शव देखकर उन्हें गहरा सदमा लगा और उनकी तबीयत बिगड़ गई।

सुबह करीब 10 बजे उन्हें हार्ट अटैक आया। इसके लगभग एक घंटे बाद सुबह 11 बजे उनकी भी मौत हो गई। एक ही परिवार में कुछ ही घंटों के अंतराल में दो मौतों से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

लालेंद्र सिंह के पिता चंद्रभूषण सिंह ने अपने भाई जगजीवन सिंह के साथ नईगढ़ी थाने पहुंचकर घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई।

नईगढ़ी थाना प्रभारी अनिल काकड़े के मुताबिक, सड़क हादसे में युवक की मौत के मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नईगढ़ी भेजा गया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं।
पुलिस हादसे के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Share:

Leave a Comment