सीधी (ईन्यूज एमपी)-विजयादशमी के पावन पर्व पर पुलिस लाइन सीधी स्थित शस्त्रागार में शस्त्र पूजन कार्यक्रम हर्षाेल्लास एवं पारंपरिक श्रद्धा के साथ आयोजित किया गया। इस अवसर पर सांसद डॉ. राजेश मिश्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू सिंह, कलेक्टर विकास मिश्रा, पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी सहित उपस्थित अतिथियों एवं पुलिस अधिकारियों ने शक्ति स्वरूपा मां काली की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की तथा मंत्रोच्चार के साथ यज्ञ में आहुतियां अर्पित कीं। इसके पश्चात शस्त्रों एवं पुलिस वाहनों का पूजन किया गया। अतिथियों ने विशेष शस्त्र प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। कार्यक्रम में सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने शस्त्रों के सम्मान और शास्त्रों के ज्ञान को भारतीय संस्कृति का महत्वपूर्ण अंग बताते हुए वीरता, शौर्य एवं कर्तव्यनिष्ठा का संदेश दिया। सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने कहा कि “शस्त्र का सम्मान और शास्त्र का ज्ञान, यही है हमारी संस्कृति का महान प्रमाण।” विजयादशमी का पर्व अधर्म पर धर्म और असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक है। यह पर्व हमें शक्ति, साहस, आत्मसम्मान और अपने कर्तव्यों के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में शस्त्र शक्ति, साहस और सुरक्षा के प्रतीक हैं। शस्त्रों की सार्थकता धर्म की रक्षा, अन्याय के प्रतिकार तथा समाज में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने में है। वहीं, शास्त्र हमें विवेक, मर्यादा और सही मार्ग पर चलने की शिक्षा देते हैं। शक्ति का उपयोग सदैव न्याय, जनकल्याण और लोकहित के लिए किया जाना चाहिए। सांसद ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में पुलिस बल की महत्वपूर्ण भूमिका है। शस्त्र पूजन की परंपरा कर्तव्य, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण का संदेश देती है। उन्होंने जिले में शांति, सद्भाव और खुशहाली बनाए रखने की कामना करते हुए जिलेवासियों को विजयादशमी की शुभकामनाएं दीं। जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू सिंह ने जिलेवासियों को विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शस्त्र पूजन भारतीय संस्कृति की प्राचीन और गौरवशाली परंपरा है। यह पर्व हमें अन्याय के विरुद्ध खड़े होने, सत्य के मार्ग पर चलने और समाज में शांति एवं सद्भाव बनाए रखने की प्रेरणा देता है। शक्ति का उपयोग सदैव जनकल्याण, सुरक्षा और धर्म की रक्षा के लिए होना चाहिए। उन्होंने सभी के सुख, समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की। कलेक्टर विकास मिश्रा ने जिलेवासियों को विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व सत्य, धर्म और न्याय की विजय का संदेश देता है। विजयादशमी हमें अपने कर्तव्यों के प्रति सजग रहने, सामाजिक सद्भाव बनाए रखने तथा समाज के व्यापक हित में कार्य करने की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि जिले में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। त्योहारों के अवसर पर नागरिकों की सहभागिता और सहयोग से शांतिपूर्ण वातावरण सुनिश्चित होता है। उन्होंने सभी जिलेवासियों से आपसी भाईचारे एवं सौहार्द के साथ पर्व मनाने तथा जिले की सामाजिक समरसता को मजबूत बनाने की अपील की। पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी ने जिलेवासियों को विजयादशमी पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शस्त्र पूजन हमारी गौरवशाली सांस्कृतिक परंपरा का प्रतीक है। यह पुलिस बल को शक्ति के साथ जिम्मेदारी, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा का भी स्मरण कराता है। पुलिस शस्त्रों का उपयोग कानून के दायरे में रहकर नागरिकों की सुरक्षा, अपराधों पर नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए करती है। उन्होंने कहा कि पुलिस आमजन की सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर है। त्योहारों के दौरान शांति एवं व्यवस्था बनाए रखने में नागरिकों का सहयोग महत्वपूर्ण है। उन्होंने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने, आपसी सौहार्द बनाए रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। उन्होंने सभी के सुख, समृद्धि और सुरक्षित जीवन की कामना की। कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह परिहार, अपर कलेक्टर बीपी पाण्डेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी, डीएसपी मुख्यालय राघवेंद्र द्विवेदी, एसडीओपी चुरहट रविप्रकाश कौल, डीएसपी आजाक श्री रावेंद्र द्विवेदी सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस अधिकारी एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।