सीधी (ईन्यूज़ एमपी)। जिले के विकासखंड कुसमी अंतर्गत आयुष्मान आरोग्य मंदिर कोडार में 17 अक्टूबर 2026 को राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (NQAS) के तहत मूल्यांकन किया गया। दिल्ली से पहुंचीं विशेषज्ञ डॉ. इंद्रदीप कौर एवं डॉ. मनीषा चौधरी ने स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं, उपलब्ध सुविधाओं, साफ-सफाई और अभिलेखों की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया। इस दौरान ओपीडी, प्रयोगशाला, एनसी रूम, टीकाकरण कक्ष और दवा स्टोर सहित विभिन्न विभागों की व्यवस्थाओं को निर्धारित गुणवत्ता मानकों के आधार पर परखा गया। मूल्यांकन के दौरान जिला एवं विकासखंड स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने टीम को केंद्र में संचालित स्वास्थ्य सेवाओं और उपलब्ध संसाधनों की जानकारी दी। जिला स्तर पर डीसीएम नरेंद्र पटेल ने स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं और सेवाओं से संबंधित विवरण प्रस्तुत किया। वहीं विकासखंड स्तर पर बीएमओ डॉ. सुप्रिया सिंह एवं बीसीएम देवेंद्र सिंह ने विभागीय गतिविधियों और व्यवस्थाओं की जानकारी साझा की। स्वास्थ्य केंद्र की कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर सहित एएनएम, एमपीडब्ल्यू, आशा कार्यकर्ताओं और आशा सुपरवाइजर ने भी अपने कार्यक्षेत्र एवं जिम्मेदारियों से संबंधित जानकारी दी। विशेषज्ञ टीम ने निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई, स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन, रिकॉर्ड संधारण, उपलब्ध सुविधाओं और जन-जागरूकता संबंधी व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। मूल्यांकन के दौरान ग्राम पंचायत कोडार की सरपंच सीता सिंह भी मौजूद रहीं। जिला एवं विकासखंड स्वास्थ्य विभाग का अमला निरीक्षण प्रक्रिया के दौरान सक्रिय रहा और टीम को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई। यह प्रक्रिया शाम करीब छह बजे तक चली, जिसके बाद विशेषज्ञ टीम जिला स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ जिला मुख्यालय के लिए रवाना हुई। राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक के तहत किया गया यह मूल्यांकन स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं और सेवाओं की गुणवत्ता का आकलन करने की प्रक्रिया है। अब मूल्यांकन के आधिकारिक परिणाम एवं प्राप्त स्कोर के आधार पर आयुष्मान आरोग्य मंदिर कोडार की गुणवत्ता संबंधी स्थिति स्पष्ट होगी।