सीधी(ईन्यूज एमपी)- जिले के मझौली थाना क्षेत्र अंतर्गत मुनगहा माटा पंचायत में रविवार दोपहर सड़क किनारे एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की उम्र करीब 30 से 35 वर्ष बताई जा रही है। सूचना मिलते ही मझौली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर करीब 12 बजे स्थानीय निवासी रामकुमार बैगा ने सड़क किनारे युवक का शव देखा। उन्होंने तत्काल डायल 112 को सूचना दी। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। मृतक के बाल काले हैं और चेहरे पर हल्की मूंछें हैं। युवक ने हल्के लाल रंग की टी-शर्ट, जिस पर DIKE FIT HUNKY 85 का टैग है, ग्रे रंग की बनियान, स्लेटी-काले रंग का लोअर और मैरून रंग का अंडरवियर पहना हुआ था। अंडरवियर पर ANIK का टैग लगा है। पुलिस इन्हीं शारीरिक विशेषताओं और कपड़ों के आधार पर युवक की पहचान करने का प्रयास कर रही है। ग्रामीणों के मुताबिक, मृतक स्थानीय गांव का निवासी नहीं है। मझौली थाना प्रभारी विशाल शर्मा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। जिले के विभिन्न थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों के आधार पर मृतक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल युवक की मौत के कारण स्पष्ट नहीं हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह सामने आ सकेगी।