सीधी(ईन्यूज एमपी)- शहर के गांधी चौक स्थित पार्किंग परिसर की चौपाटी में रविवार सुबह आग लगने से तीन दुकानों को भारी नुकसान हुआ। चाऊमीन, डोसा और पिज्जा की दुकान समेत तीन दुकानों में आग से सामान जलकर राख हो गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। दुकानदारों को हजारों रुपये का नुकसान हुआ है। सूचना मिलने पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और करीब 15 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। जानकारी के अनुसार, गांधी चौक पार्किंग परिसर स्थित चौपाटी में रविवार सुबह करीब 7 से 7:30 बजे के बीच आग लगी। आग की लपटें देखकर स्थानीय लोगों ने दुकानदारों को सूचना दी। दुकानदार मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आग फैल चुकी थी। आग की चपेट में आने से दुकानों में रखा सामान जलकर नष्ट हो गया। समय रहते दमकल टीम ने आग पर काबू पा लिया, जिससे आसपास की अन्य दुकानों तक आग फैलने का खतरा टल गया। इस घटना में देवेंद्र कुमार सोनी, सत्यनारायण भुजवा और राहुल सिंह की दुकानों को नुकसान पहुंचा है। देवेंद्र सोनी ने अपनी दुकान में 70 हजार रुपये से अधिक के नुकसान का अनुमान जताया है। आग से अन्य दुकानों को हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। घटना की जानकारी मिलने पर सीधी सांसद डॉ. राजेश मिश्रा घटनास्थल पहुंचे। उन्होंने प्रभावित व्यापारियों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। सांसद ने प्रशासनिक अधिकारियों को प्रभावित दुकानदारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने और मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कोतवाली थाना प्रभारी दिव्य प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम को मौके पर भेजा गया था। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट से आग लगने की बात सामने आई है।