enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश एक्सप्रेस-वे में भीषण सड़क हादसा: एमपी के 8 श्रद्धालुओं की मौत, 17 घायल

एक्सप्रेस-वे में भीषण सड़क हादसा: एमपी के 8 श्रद्धालुओं की मौत, 17 घायल

बैतूल/कोटा(ईन्यूज एमपी)-राजस्थान के कोटा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में मध्यप्रदेश के बैतूल जिले से जुड़े आठ श्रद्धालुओं की मौत हो गई। भोपाल से खाटूश्यामजी के दर्शन के लिए जा रही यात्रियों से भरी टेंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर पुलिया से नीचे जा गिरी। हादसे में 17 लोगों के घायल होने की प्रारंभिक जानकारी सामने आई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा राजस्थान के कोटा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर सीमलिया थाना क्षेत्र के पास हुआ। ट्रैवलर में सवार यात्री खाटूश्यामजी मंदिर के दर्शन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर पुलिया से नीचे गिर गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

पुलिस और राहत दल ने मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान चलाया। वाहन में फंसे यात्रियों को निकालने के लिए क्रेन की मदद ली गई। घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया। नाले में पानी और कीचड़ होने के कारण राहत कार्य में परेशानी आने की भी जानकारी सामने आई है।

हादसे में बैतूल जिले के मुलताई क्षेत्र के जामगांव, मीरापुर और घाट बिरोली से जुड़े परिवारों के सदस्य प्रभावित बताए जा रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, कई यात्री आपस में रिश्तेदार थे और कामकाज के सिलसिले में भोपाल में रह रहे थे। मृतकों में मुलताई क्षेत्र से जुड़ी करीब 24 वर्षीय कॉलेज छात्रा की भी मौत होने की जानकारी है।

घायलों में बैतूल निवासी हेमलता संतोष गायकवाड़, मुलताई क्षेत्र के मोहनिश झरबड़े, मीरापुर निवासी रीता झरबड़े तथा घाट बिरोली के दो नाबालिग बच्चे वेदांत और सारांश के नाम सामने आए हैं। घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है।

हादसे की जानकारी मिलने के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने दुख जताया और मृतकों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और मुख्य सचिव से भी इस संबंध में चर्चा हुई है। रिपोर्ट के अनुसार, दोनों राज्यों के प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवारों और घायलों को सहायता उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Share:

Leave a Comment