भोपाल(ईन्यूज़ एमपी)- मध्य प्रदेश में सह-चिकित्सीय क्षेत्र में प्रशिक्षित और दक्ष मानव संसाधन तैयार करने के उद्देश्य से शैक्षणिक सत्र 2026-27 से एलाइड एंड हेल्थकेयर पाठ्यक्रम शुरू करने की दिशा में कार्यवाही की जाएगी। उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग तथा उच्च शिक्षा विभाग के अधिकारियों को राष्ट्रीय एलाइड एंड हेल्थकेयर आयोग द्वारा अनुमोदित पाठ्यक्रमों का संचालन प्रारंभ करने के निर्देश दिए हैं। उप मुख्यमंत्री ने वल्लभ भवन में आयोजित बैठक में कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी और सुदृढ़ बनाने के लिए सह-चिकित्सीय क्षेत्र में दक्ष एवं प्रशिक्षित मानव संसाधन की उपलब्धता आवश्यक है। आधुनिक चिकित्सा पद्धतियों और तकनीकों के अनुरूप युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं प्रशिक्षण के अवसर उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने आयोग के अंतरिम दिशा-निर्देशों के अनुरूप आवश्यक कार्यवाही करते हुए संबद्धता और प्रवेश प्रक्रिया निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश भी दिए। राष्ट्रीय एलाइड एंड हेल्थकेयर आयोग ने इन पाठ्यक्रमों के माध्यम से सह-चिकित्सीय क्षेत्र में कौशल उन्नयन, आधुनिक तकनीकों के विस्तार और देशभर में पाठ्यक्रमों में एकरूपता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अंतरिम दिशा-निर्देश जारी किए हैं। मध्यप्रदेश में पाठ्यक्रमों का संचालन निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करने के लिए लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग तथा उच्च शिक्षा विभाग समन्वय के साथ कार्य करेंगे। बैठक में उच्च शिक्षा आयुक्त प्रबल सिंह, एलाइड काउंसिल के अध्यक्ष डॉ. विजय कुमार, सचिव डॉ. शेलोज जोशी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।