सीधी(ईन्यूज एमपी) जिले के सिहावल जनपद पंचायत अंतर्गत खुटेली गांव में सरकारी हायर सेकेंडरी स्कूल की जमीन पर रातों-रात 30 से ज्यादा अस्थायी झोपड़ियां बना दी गईं। रविवार देर रात हुए इस घटनाक्रम की जानकारी सोमवार सुबह प्रशासन को मिली, जिसके बाद राजस्व और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। मौके पर सिहावल एसडीएम राकेश शुक्ला, बहरी तहसीलदार हिमांशु शुक्ला और बहरी थाना पुलिस ने स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने झोपड़ियां बनाने वाले लोगों को समझाइश दी और सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी। साथ ही सभी अस्थायी झोपड़ियों को हटाने के निर्देश दिए। एसडीएम राकेश शुक्ला ने बताया कि सरकारी जमीन पर अस्थायी रूप से कब्जा किया गया है। उन्होंने आशंका जताई कि कुछ लोग किसी के बहकावे में आकर ऐसा कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस मामले में लोगों को उकसाने वालों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, गांव के रामभद्र कोल का कहना है कि झोपड़ियां बनाने वाले लोगों के पास रहने के लिए अपनी जमीन नहीं है। इसी वजह से उन्होंने स्कूल की जमीन पर अस्थायी झोपड़ियां बना ली हैं। सरकारी जमीन पर कब्जे को लेकर प्रशासन सख्त घटना के बाद सरकारी जमीन पर अतिक्रमण का मामला चर्चा में है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी भूमि पर किसी भी तरह का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अब देखना होगा कि प्रशासन इन झोपड़ियों को हटाने के निर्देश पर कब तक अमल कराता है और मामले में आगे क्या कार्रवाई होती है।