भोपाल(ईन्यूज एमपी)- मध्यप्रदेश में दशहरे के दिन 20 अक्टूबर को मौसम का मिजाज बिगड़ सकता है। मौसम विभाग ने प्रदेश के पश्चिमी हिस्से के 14 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इंदौर, उज्जैन, भोपाल और नर्मदापुरम संभाग के कई इलाकों में मौसम का असर देखने को मिल सकता है। इससे पहले रविवार को इंदौर, सीहोर और शाजापुर में तेज बारिश हुई। अचानक बदले मौसम और तेज हवाओं के कारण कई जगह माता पंडालों के टेंट उड़ गए। इससे दुर्गा उत्सव समितियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सोमवार को 15 जिलों में बारिश के आसार मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, सोमवार को भी प्रदेश के 15 जिलों में बारिश हो सकती है। इनमें भोपाल, उज्जैन, आगर-मालवा, राजगढ़, शाजापुर, देवास, सीहोर, विदिशा, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, टीकमगढ़, छतरपुर, सागर और दमोह शामिल हैं। दशहरे पर इन 14 जिलों में अलर्ट 20 अक्टूबर को इंदौर, उज्जैन, रतलाम, झाबुआ, आलीराजपुर, बड़वानी, धार, खरगोन, बुरहानपुर, खंडवा, देवास, शाजापुर, हरदा और बैतूल में बारिश होने का अनुमान है। इन क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चल सकती है। 22 अक्टूबर तक पश्चिमी MP में बदला रहेगा मौसम मौसम विभाग के अनुसार, 20, 21 और 22 अक्टूबर को प्रदेश के पश्चिमी हिस्से में बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। वहीं, पूर्वी मध्यप्रदेश में मौसम अपेक्षाकृत साफ रहने और धूप निकलने की संभावना है। दशहरा आयोजकों के लिए सलाह: तेज हवाओं और बारिश की आशंका को देखते हुए खुले मैदानों में लगे पंडालों, टेंट, होर्डिंग और अस्थायी विद्युत कनेक्शनों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देना जरूरी है।