सीधी(ईन्यूज एमपी)- जिले में कथित धर्मांतरण की गतिविधियों के विरोध में गुरुवार को धर्म रक्षा समिति ने पैदल मार्च निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। दोपहर करीब 3 बजे पूजा पार्क से शुरू हुआ मार्च सम्राट चौराहे से होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचा। इसमें सैकड़ों लोग शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने कलेक्टर विकास मिश्रा को ज्ञापन सौंपकर धर्मांतरण के मामलों में सख्त कार्रवाई करने और इस पर रोक लगाने के लिए कठोर कानून बनाने की मांग की। समिति ने दावा किया कि सीधी जिले में धर्मांतरण के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। हाल ही में जमोड़ी थाना क्षेत्र में भी ऐसा एक मामला सामने आया था, जिसमें पुलिस ने एफआईआर दर्ज की थी। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि बाहरी लोग अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के परिवारों को निशाना बनाकर उनका धर्म परिवर्तन कराने की कोशिश कर रहे हैं। सख्त कानून बनाने की उठाई मांग भाजपा नेता एवं जनपद पंचायत अध्यक्ष सीधी धर्मेंद्र सिंह परिहार ने कहा कि धर्मांतरण से जुड़ी गतिविधियों को लेकर मध्य प्रदेश सहित देश के अन्य हिस्सों में भी चिंता जताई जा रही है। उन्होंने ऐसे मामलों पर प्रभावी रोक लगाने के लिए सख्त कानून बनाने की जरूरत बताई। प्रदर्शन के दौरान समिति के सदस्यों ने प्रशासन से धर्मांतरण से जुड़े मामलों की गंभीरता से जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की। ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने प्रशासन से इस दिशा में ठोस कदम उठाने की अपील की।