enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश किसानों को हर साल मिल रहे 12 हजार रुपये, सम्मान और आत्मनिर्भरता हमारी प्राथमिकता : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

किसानों को हर साल मिल रहे 12 हजार रुपये, सम्मान और आत्मनिर्भरता हमारी प्राथमिकता : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

भोपाल(ईन्यूज एमपी)- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि किसान सम्मान निधि के माध्यम से किसानों के खातों में सीधे आर्थिक सहायता पहुंचाकर उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाने का कार्य किया जा रहा है। केंद्र और राज्य सरकार की ओर से किसानों को प्रतिवर्ष 6-6 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है। इस प्रकार प्रदेश के पात्र किसानों को सालाना कुल 12 हजार रुपये की आर्थिक मदद मिल रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान सम्मान निधि का महत्व केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं है, बल्कि यह किसानों के प्रति सम्मान, विश्वास और आत्मीयता का प्रतीक भी है। इस योजना के माध्यम से सरकार ने किसानों को यह भरोसा दिलाया है कि उनके परिश्रम और योगदान को महत्व दिया जाता है तथा सरकार हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ी है।

डॉ. यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल की सराहना करते हुए कहा कि किसानों के हित में इस अभिनव सोच और संवेदनशील दृष्टिकोण के लिए प्रधानमंत्री का हृदय से अभिनंदन है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश के विकास और जनकल्याण के लिए जो संकल्प लिए हैं, उन्हें पूरा करने में मध्यप्रदेश सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कदम से कदम मिलाकर चल रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने अपने संकल्पों और प्रतिबद्धताओं के आधार पर किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने, उनके जीवन में खुशहाली लाने और कृषि क्षेत्र को मजबूत करने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा कि किसानों का सम्मान, उनका सशक्तीकरण और उनके जीवन में समृद्धि लाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। किसान प्रदेश की अर्थव्यवस्था और विकास की महत्वपूर्ण आधारशिला हैं। उनके परिश्रम से ही कृषि क्षेत्र आगे बढ़ता है। इसलिए किसानों को आर्थिक सुरक्षा और सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है।

Share:

Leave a Comment