सीधी(ईन्यूज एमपी)- जिले के बड़ौरा स्थित श्री बढ़ौरा नाथ धाम में प्रस्तावित स्वागत द्वार के लोकार्पण एवं सम्मान समारोह का कार्यक्रम खराब मौसम के चलते निरस्त कर दिया गया है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने वाले प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल का सीधी दौरा भी फिलहाल स्थगित हो गया है। गौरतलब है कि 31 अक्टूबर 2026 को दोपहर 12 बजे शिव मंदिर बढ़ौरा धाम परिसर में भव्य लोकार्पण एवं सम्मान समारोह आयोजित किया जाना प्रस्तावित था। इस दौरान श्री बढ़ौरा नाथ धाम के स्वागत द्वार का लोकार्पण किया जाना था। साथ ही सरपंच, पूर्व सरपंच, जनपद सदस्य एवं पूर्व जनपद सदस्यों का सम्मान समारोह भी आयोजित होना था। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने वाले थे, जबकि अध्यक्षता लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष सत्येन्द्र भूषण सिंह को करनी थी। विशिष्ट अतिथियों में सीधी सांसद डॉ. राजेश मिश्रा, विधायक रीती पाठक, भाजपा जिलाध्यक्ष देव कुमार सिंह एवं जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू राम सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधियों के शामिल होने का कार्यक्रम निर्धारित था। जनपद पंचायत अध्यक्ष एवं कार्यक्रम आयोजक धर्मेन्द्र सिंह परिहार ने कार्यक्रम निरस्त होने की आधिकारिक पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि खराब मौसम को देखते हुए निर्धारित कार्यक्रम फिलहाल स्थगित किया गया है। मौसम अनुकूल होने पर नई तिथि निर्धारित कर कार्यक्रम की सूचना पृथक से जारी की जाएगी। प्रकृति के प्रतिकूल हालात के कारण कार्यक्रम स्थगित होने पर जनपद अध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह परिहार ने खेद व्यक्त किया है। अब क्षेत्रवासियों को श्री बढ़ौरा नाथ धाम के स्वागत द्वार के लोकार्पण एवं सम्मान समारोह की नई तारीख का इंतजार रहेगा।