enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश मध्यप्रदेश का 71वां स्थापना दिवस आज से, लाल परेड ग्राउंड पर होगा भव्य समारोह

मध्यप्रदेश का 71वां स्थापना दिवस आज से, लाल परेड ग्राउंड पर होगा भव्य समारोह

भोपाल।** मध्यप्रदेश का 71वां स्थापना दिवस समारोह रविवार से शुरू हो रहा है। तीन दिवसीय राज्यस्तरीय आयोजन का मुख्य समारोह 1 नवंबर को शाम 6:30 बजे भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव समारोह का शुभारंभ करेंगे। आयोजन में प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, जनजातीय परंपराओं, विकास कार्यों, कृषि नवाचारों और महिला उद्यमिता की झलक देखने को मिलेगी। इस वर्ष समारोह की थीम **‘विरासत से विकास के पथ की ओर अग्रसर प्रदेश’** रखी गई है।

आम नागरिक बिना किसी प्रवेश पत्र या पास के सीधे आयोजन स्थल पर पहुंच सकेंगे। वहीं, स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए विशेष स्टूडेंट ब्लॉक बनाया जा रहा है। विद्यार्थियों को प्रवेश के लिए अपने संस्थान का पहचान-पत्र दिखाना होगा।

मुख्यमंत्री रविवार सुबह 11 बजे लाल परेड ग्राउंड में आधुनिक कृषि प्रदर्शनी, विकास दीर्घा, महिला उद्यमिता मंडप और देशज व्यंजन मेले का उद्घाटन करेंगे। शाम को मुख्य सांस्कृतिक समारोह आयोजित होगा। इसका प्रमुख आकर्षण राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार विजेता पार्श्व गायिका मोनाली ठाकुर की प्रस्तुति रहेगी। वे मुंबई के साथी कलाकारों के साथ सुगम संगीत प्रस्तुत करेंगी। मोनाली ठाकुर ‘लुटेरा’ फिल्म के गीत ‘सवार लूं’ और ‘दम लगा के हईशा’ के लोकप्रिय गीत ‘मोह मोह के धागे’ के लिए जानी जाती हैं।

समारोह में 71 बच्चे सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का गायन करेंगे। इसके बाद मध्यप्रदेश पुलिस बैंड राष्ट्रगान प्रस्तुत करेगा। कार्यक्रम का समापन आतिशबाजी के साथ होगा।

स्थापना दिवस समारोह के दौरान मुख्यमंत्री प्रदेश के 102 मेधावी विद्यार्थियों को भगवान श्रीकृष्ण मेधावी छात्रवृत्ति प्रदान करेंगे। प्रत्येक चयनित विद्यार्थी को एक लाख रुपए की सम्मान राशि और प्रशस्ति-पत्र दिया जाएगा। श्रीकृष्ण पाथेय न्यास की इस योजना के तहत जिलों से विद्यार्थियों का चयन किया गया है। खंडवा जिले से सर्वाधिक छह विद्यार्थी चुने गए हैं, जबकि अशोकनगर, बड़वानी, नर्मदापुरम, सिवनी, सिंगरौली और उमरिया से चार-चार विद्यार्थियों का चयन हुआ है।


मुख्यमंत्री ‘किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व क्विज’ के 165 विजेताओं को भी पुरस्कृत करेंगे। ऑनलाइन आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रदेश के करीब 40 हजार किसानों ने भाग लिया था। चयनित विजेताओं को 55 ट्रैक्टर, 55 बुलेट मोटरसाइकिल और 55 ई-स्कूटर प्रदान किए जाएंगे। प्रत्येक जिले से तीन विजेताओं का चयन किया गया है। भोपाल के विजेताओं को मुख्यमंत्री स्वयं पुरस्कार देंगे, जबकि अन्य जिलों में प्रभारी मंत्री पुरस्कार वितरित करेंगे।

लाल परेड ग्राउंड पर विकास और संस्कृति से जुड़ी कई प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। महाराजा विक्रमादित्य शोध पीठ की ओर से तैयार ‘राजा भोज का भोपाल’ विषय पर 160 वॉटर कलर चित्रों की प्रदर्शनी विशेष आकर्षण रहेगी। आधुनिक कृषि प्रदर्शनी में उन्नत बीज, जैविक इनपुट्स, स्मार्ट सिंचाई और एग्री स्टार्टअप्स के नवाचार प्रदर्शित किए जाएंगे। महिला उद्यमिता मंडप और किसान बाजार में स्व-सहायता समूहों के उत्पाद तथा हस्तशिल्प बिक्री के लिए उपलब्ध रहेंगे।

देशज व्यंजन मेले में मालवा, निमाड़, बुंदेलखंड, बघेलखंड और महाकौशल के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद चखने का अवसर मिलेगा। मेला प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से रात 8 बजे तक चलेगा। इसके साथ ही हस्तशिल्प और विकास प्रदर्शनियां भी आम नागरिकों के लिए आकर्षण का केंद्र रहेंगी। तीन दिवसीय आयोजन के जरिए प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान, उपलब्धियों और विकास यात्रा को एक मंच पर प्रस्तुत किया जाएगा।

Share:

Leave a Comment