enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश सीधी:पंचायत भवन से लाखों का सामान चोरी, पांच ताले तोड़कर कंप्यूटर-लैपटॉप ले गए चोर

सीधी:पंचायत भवन से लाखों का सामान चोरी, पांच ताले तोड़कर कंप्यूटर-लैपटॉप ले गए चोर

सीधी(ईन्यूज एमपी) सेमरिया थाना क्षेत्र के बढ़ौरा गांव स्थित पंचायत भवन में रविवार रात अज्ञात चोरों ने धावा बोल दिया। चोर मुख्य गेट सहित अंदर के चार कमरों के कुल पांच ताले तोड़कर कंप्यूटर, दो लैपटॉप, टीवी, प्रिंटर समेत अन्य उपकरण चोरी कर ले गए। पंचायत के महत्वपूर्ण रिकॉर्ड और दस्तावेज भी गायब बताए जा रहे हैं।

घटना रविवार रात करीब 2 बजे की बताई जा रही है। चोरों ने पहले पंचायत भवन के मुख्य गेट का ताला तोड़ा और इसके बाद अंदर के चार कमरों को निशाना बनाया। चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत करीब दो से तीन लाख रुपए बताई गई है।

जरूरी दस्तावेज भी चोरी

सरपंच रामप्रसाद कोल ‘मुन्ना’ के अनुसार पंचायत भवन से महत्वपूर्ण रिकॉर्ड और जरूरी दस्तावेज भी चोरी हुए हैं। इससे पंचायत के सरकारी कामकाज और रिकॉर्ड से संबंधित कार्य प्रभावित होने की आशंका है।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पंचायत भवन में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में रात करीब 2 बजे संदिग्ध गतिविधियां दिखाई दी हैं।

सोमवार दोपहर करीब 3 बजे पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज किया। थाना प्रभारी विवेक द्विवेदी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान और उनकी तलाश की जा रही है।

Share:

Leave a Comment