शहडोल(ईन्यूज एमपी)- बाणसागर मुख्य बांध में जलस्तर पूर्ण भराव स्तर तक पहुंचने और ऊपरी क्षेत्र से पानी की आवक बढ़ने के बाद सोमवार 21 सितंबर को बांध के छह रेडियल गेट खोले जाएंगे। मुख्य अभियंता, गंगा कछार जल संसाधन विभाग रीवा की सूचना के अनुसार शाम 4 बजे गेट क्रमांक 6, 7, 8, 9, 10 और 11 को 0.50 मीटर तक खोला जाएगा। इन छह गेटों से करीब 630 क्यूमेक्स पानी छोड़ा जाएगा। स्पिलवे और पावर हाउस क्रमांक-3 से छोड़े जा रहे पानी को मिलाकर सोन नदी में कुल प्रवाह करीब 804 क्यूमेक्स हो जाएगा। विभाग ने यह भी बताया है कि यदि बांध में पानी की आवक और बढ़ती है तो पानी छोड़ने की मात्रा बढ़ाई जा सकती है। सोन नदी के किनारे बसे गांवों में अलर्ट बांध से पानी छोड़े जाने के बाद सोन नदी के जलस्तर में तेजी से वृद्धि होने की संभावना है। इसे देखते हुए डाउनस्ट्रीम क्षेत्र में नदी के दोनों किनारों पर बसे गांवों में प्रशासन और मैदानी अमले को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों से पर्याप्त दूरी बनाए रखने और नदी में नहीं जाने की अपील की है। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने तथा मवेशियों को भी सुरक्षित स्थान पर रखने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी स्थिति में नदी के तेज बहाव वाले हिस्सों में जोखिम नहीं लेने की अपील की है।