शहडोल (ईन्यूज एमपी)-बाणसागर मुख्य बांध में आवक बढ़ने और पूर्ण भराव जलस्तर बनाए रखने के लिए 27 सितंबर 2026 को सुबह 10 बजे बांध के रेडियल गेटों की ओपनिंग बढ़ाई जाएगी। बांध के गेट क्रमांक 6, 7, 8, 9, 10, 11, 12 और 13 की ओपनिंग 2.00 मीटर से बढ़ाकर 2.50 मीटर की जाएगी। इसके साथ ही गेट क्रमांक 4 और 5 को भी 2.50 मीटर तक खोला जाएगा। इससे स्पिलवे के 10 रेडियल गेटों से कुल 5075 क्यूमेक्स पानी छोड़ा जाएगा। वहीं बाणसागर मुख्य बांध के स्पिलवे और पावर हाउस क्रमांक-3 से सोन नदी में छोड़े जा रहे पानी को मिलाकर कुल प्रवाह 5247.97 क्यूमेक्स रहेगा। जल संसाधन विभाग ने स्पष्ट किया है कि बांध में आवक बढ़ने की स्थिति में डिस्चार्ज की मात्रा और बढ़ाई जा सकती है। विभाग ने मैदानी अमले को अलर्ट एवं सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। साथ ही बांध के डाउनस्ट्रीम क्षेत्र में सोन नदी के दोनों किनारों पर रहने वाले लोगों को नदी से पर्याप्त दूरी बनाए रखने और नदी में नहीं जाने के लिए आवश्यक सूचना एवं अलर्ट जारी करने को कहा गया है। नोट: सोन नदी के जलस्तर और प्रवाह में वृद्धि की स्थिति को देखते हुए नदी किनारे रहने वाले लोग विशेष सावधानी बरतें।