enewsmp.com
Home सीधी दर्पण छात्राओं के बीच पहुंचे कलेक्टर विकास मिश्रा, सामान्य ज्ञान पूछा और बांटीं पुस्तकें

छात्राओं के बीच पहुंचे कलेक्टर विकास मिश्रा, सामान्य ज्ञान पूछा और बांटीं पुस्तकें

सीधी(ईन्यूज एमपी)- कलेक्टर विकास मिश्रा ने रविवार को आदिवासी कन्या आश्रम शाला गांधी ग्राम का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने छात्राओं से आत्मीय संवाद करते हुए उनकी पढ़ाई और सामान्य ज्ञान की जानकारी ली। सामान्य ज्ञान से जुड़े सवालों के सही जवाब देने वाली छात्राओं को कलेक्टर ने पेन और पुस्तक देकर पुरस्कृत किया।

कलेक्टर ने छात्राओं का उत्साह बढ़ाते हुए उन्हें अपने हाथों से मिठाई और नाश्ता भी परोसा। उन्होंने छात्राओं से पूरी लगन और तन्मयता के साथ पढ़ाई करने की बात कही। साथ ही कहा कि वे नियमित रूप से छात्राओं के बीच पहुंचकर आश्रम शाला की व्यवस्थाओं और पढ़ाई की स्थिति का जायजा लेते रहेंगे।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने छात्रावास की स्वच्छता, भोजन व्यवस्था, छात्राओं की उपस्थिति व अनुशासन, शैक्षणिक गतिविधियों, स्वास्थ्य-सुरक्षा सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। व्यवस्थाएं बेहतर मिलने पर उन्होंने अधीक्षिका कांति वर्मा के प्रबंधन की सराहना की।

छात्रावास में करीब 95 प्रतिशत छात्राओं की उपस्थिति, निर्धारित मेन्यू के अनुसार भोजन, नियमित शैक्षणिक गतिविधियां, स्वच्छता और अनुशासन के साथ बागवानी, योग एवं सांस्कृतिक गतिविधियां संचालित मिलीं। निरीक्षण के दौरान शिकायतों की स्थिति भी शून्य पाई गई।

उत्कृष्ट व्यवस्थाओं को प्रोत्साहित करने के लिए कलेक्टर ने अधीक्षिका कांति वर्मा को ‘बेस्ट मैनेजमेंट-बेस्ट स्टार ऑफ द मंथ’ सम्मान के लिए चयनित करने के निर्देश दिए। संबंधित विभाग को उन्हें 28 सितंबर को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में सम्मानित करने के लिए आमंत्रित करने को कहा गया।

निरीक्षण के दौरान सहायक परियोजना प्रशासक पी.के. पाण्डेय, मंडल संयोजक संजय सिंह, अधीक्षिका कांति वर्मा, आश्रम शाला के कर्मचारी एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।

Share:

Leave a Comment