enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश छुहिया घाटी में पुलिस टीम पर फायरिंग! चार गाड़ियों में आए बदमाशों ने NDPS आरोपी को छुड़ाया, मचा हड़कंप

छुहिया घाटी में पुलिस टीम पर फायरिंग! चार गाड़ियों में आए बदमाशों ने NDPS आरोपी को छुड़ाया, मचा हड़कंप

सीधी/रीवा (ईन्यूज़ एमपी)। रीवा-सीधी सीमा पर स्थित छुहिया घाटी में पुलिस टीम पर हमले और NDPS के आरोपी को छुड़ाकर ले जाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। मंगलवार दोपहर चार वाहनों में पहुंचे बदमाशों ने पुलिस वाहन को घेर लिया और फायरिंग करते हुए पुलिस के कब्जे में मौजूद आरोपी को छुड़ाकर फरार हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ओडिशा पुलिस की टीम NDPS मामले में गिरफ्तार आरोपी आदित्य मिश्रा को रीवा जिला न्यायालय में पेश करने के लिए लेकर जा रही थी। इसी दौरान छुहिया घाटी में चार वाहनों से आए बदमाशों ने पुलिस टीम को घेर लिया। अचानक हुए हमले से पुलिसकर्मियों में अफरा-तफरी मच गई।

बताया जा रहा है कि बदमाशों ने पुलिस टीम पर तीन बार फायरिंग की। इसके साथ ही बेसबॉल बैट से पुलिस वाहन पर हमला किया गया। हमले में वाहन के शीशे टूट गए और टायर को भी नुकसान पहुंचने की जानकारी सामने आई है। घटनास्थल की तस्वीरों में टूटा हुआ कांच और बेसबॉल बैट दिखाई दे रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक आरोपी को लेकर जा रही पुलिस टीम में करीब आठ पुलिसकर्मी शामिल थे। टीम के पास AK-47 और पिस्टल जैसे हथियार भी होने की बात सामने आई है। इसके बावजूद हमलावर पुलिस वाहन को घेरकर आरोपी आदित्य मिश्रा को छुड़ाने में कामयाब रहे और मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही सीधी एसपी संतोष कोरी सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटना की जांच शुरू करने के साथ ही आरोपी और हमलावरों की तलाश के लिए संभावित मार्गों पर अभियान शुरू कर दिया है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हमलावरों के वाहनों के मैहर जिले की ओर जाने की बात सामने आई है। इसके बाद पुलिस द्वारा संभावित रास्तों पर नाकाबंदी और संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही है।

फिलहाल पुलिस की ओर से घटना का विस्तृत आधिकारिक विवरण और हमलावरों की पहचान सामने नहीं आई है। पुलिस की जांच और आधिकारिक बयान के बाद ही फायरिंग की पूरी घटना, हमलावरों की संख्या और NDPS आरोपी को छुड़ाने के पीछे की पूरी कहानी स्पष्ट हो सकेगी।

Share:

Leave a Comment