सीधी (ईन्यूज़ एमपी)- दिव्यांगजनों को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र, सीधी द्वारा रेड्डी फाउंडेशन, भोपाल के सहयोग से जनपद पंचायत सीधी के सभाकक्ष में विशेष कार्यशाला एवं कौशल विकास कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम कलेक्टर विकास मिश्रा के निर्देशन में आयोजित हुआ। कार्यशाला में रेड्डी फाउंडेशन के प्रतिनिधियों ने 18 से 35 वर्ष आयु वर्ग के दिव्यांगजनों को रोजगार एवं स्वरोजगार के विभिन्न अवसरों, कौशल विकास प्रशिक्षण, प्रशिक्षण उपरांत रोजगार तथा जॉब प्लेसमेंट की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी दी। कार्यशाला के दौरान जिले के 127 दिव्यांगजनों का पंजीयन किया गया। इनमें से 43 अभ्यर्थियों का विशेष कौशल प्रशिक्षण के लिए चयन किया गया है। चयनित अभ्यर्थियों को लगभग दो माह का विशेष एवं व्यावहारिक कौशल प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद उनकी योग्यता एवं प्रशिक्षण के अनुरूप जॉब प्लेसमेंट उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य दिव्यांगजनों को केवल शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने तक सीमित न रखते हुए उन्हें कौशलयुक्त, आत्मनिर्भर एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र की ओर से बताया गया कि उचित प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और अवसर मिलने पर दिव्यांगजन आत्मनिर्भर बनकर समाज की मुख्यधारा में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।