enewsmp.com
Home सीधी दर्पण सोन नदी में रेत के अवैध उत्खनन पर वन विभाग की कार्रवाई, दो टाटा 407 जब्त

सोन नदी में रेत के अवैध उत्खनन पर वन विभाग की कार्रवाई, दो टाटा 407 जब्त

सीधी(ईन्यूज एमपी)- सोन नदी में रेत के अवैध उत्खनन एवं परिवहन के खिलाफ वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए दो टाटा 407 वाहनों को जब्त किया है। दोनों वाहनों के विरुद्ध वन अपराध प्रकरण दर्ज कर उन्हें सुरक्षार्थ कोतवाली सीधी परिसर में खड़ा कराया गया है।

जानकारी के अनुसार 1-2 अक्टूबर 2026 की दरम्यानी रात मुखबिर से सूचना मिलने पर सोन घड़ियाल अभयारण्य सीधी के बीट पिपरोहर अंतर्गत सोन नदी के करही घाट पर वन विभाग की टीम ने दबिश दी। मौके पर रेत के अवैध उत्खनन एवं परिवहन में संलिप्त पाए गए दो टाटा 407 वाहनों को जब्त किया गया।

यह कार्रवाई संजय टाइगर रिजर्व सीधी के उप संचालक राजेश कन्ना टी.के. के निर्देशन एवं सोन घड़ियाल अभयारण्य सीधी के अधीक्षक के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई का नेतृत्व सोन घड़ियाल अभयारण्य के परिक्षेत्र अधिकारी कैलाश चंद्र उइके एवं रामपुर नैकिन के परिक्षेत्र अधिकारी मुकेश अलावा ने किया।

वन विभाग ने दोनों वाहनों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में वन अपराध प्रकरण पंजीबद्ध किया है। कार्रवाई में डिप्टी रेंजर संजीव कुमार सोनकर, रामकुमार प्रजापति, राजबहोर पटेल, वनरक्षक रणजीत सिंह, वेद प्रकाश शुक्ला, संजय सिंह, दयाराम प्रजापति, कुंजेश्वर गौतम, रमेश कुमार सोनकर सहित सुरक्षा श्रमिक एवं वाहन चालकों की टीम का योगदान रहा।

वन विभाग की इस कार्रवाई से सोन नदी क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन करने वालों में हड़कंप की स्थिति है।

Share:

Leave a Comment