enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश भोपाल में आज अमित शाह का बड़ा कार्यक्रम, गोपालकों को ₹101 करोड़ की सौगात

भोपाल में आज अमित शाह का बड़ा कार्यक्रम, गोपालकों को ₹101 करोड़ की सौगात

भोपाल(ईन्यूज एमपी)-केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज 3 अक्टूबर को भोपाल दौरे पर रहेंगे। वे भेल दशहरा मैदान में नए आपराधिक कानूनों को लेकर मध्यप्रदेश पुलिस की प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद राज्य स्तरीय गोपालक सम्मेलन में शामिल होकर विभिन्न योजनाओं की सौगात देंगे।

सम्मेलन में 11 जिलों से करीब 35 हजार गोपालकों के शामिल होने की जानकारी है। इस दौरान पंजीकृत गोशालाओं में संरक्षित गोवंश के रखरखाव के लिए जुलाई-अगस्त 2026 की ₹101 करोड़ से अधिक की अनुदान राशि डीबीटी के माध्यम से जारी की जाएगी। सरकार गोशालाओं में दर्ज प्रत्येक गोवंश के लिए ₹40 प्रतिदिन की दर से सहायता देती है।

₹255 करोड़ के डेयरी प्लांट का वर्चुअल भूमिपूजन

अमित शाह उज्जैन में बनने वाले ₹255 करोड़ के अत्याधुनिक डेयरी प्लांट का वर्चुअल भूमिपूजन करेंगे। प्लांट की शुरुआत प्रतिदिन 3 लाख लीटर दूध प्रसंस्करण क्षमता से होगी, जिसे भविष्य में 5 लाख लीटर तक बढ़ाया जा सकेगा।

परियोजना में राज्य सरकार ₹170 करोड़ और दुग्ध संघ ₹85 करोड़ ऋण के माध्यम से लगाएगा। इसे करीब दो साल में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

प्लांट में प्रतिदिन 1.50 लाख लीटर पैक्ड मिल्क, 25 हजार लीटर दही और 10 हजार लीटर लस्सी-छाछ तैयार करने की क्षमता होगी। इसके अलावा 10 मीट्रिक टन प्रतिदिन क्षमता का घी प्लांट भी प्रस्तावित है।

गोपालक दीदियों का सम्मान, बोनस और योजनाओं का लोकार्पण

कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाली गोपालक दीदियों का सम्मान किया जाएगा और डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना के स्वीकृति पत्र वितरित किए जाएंगे।

उज्जैन में ₹16.80 करोड़ की लागत से बने फर्मेंटेड प्रोडक्ट डेयरी प्लांट और भोपाल में ₹12.40 करोड़ की लागत से तैयार आधुनिक प्रयोगशाला का लोकार्पण होगा। शिवपुरी के मिनी डेयरी संयंत्र का उद्घाटन भी किया जाएगा। भोपाल-इंदौर दुग्ध संघ के उत्पादकों को करीब ₹12 करोड़ बोनस दिए जाने की जानकारी है।

2 लाख से ज्यादा महिलाएं बनीं लखपति गोपालक दीदी

प्रदेश में लखपति गोपालक दीदी योजना से 2 लाख से अधिक महिलाएं जुड़ी हैं। योजना के तहत उच्च आनुवंशिक क्षमता वाले सीमन से कृत्रिम गर्भाधान को बढ़ावा दिया जा रहा है, ताकि बेहतर दुग्ध उत्पादन क्षमता वाले पशु तैयार किए जा सकें।

पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक

गोपालक सम्मेलन से पहले अमित शाह केंद्र और राज्य के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ करीब दो घंटे बैठक करेंगे। बैठक में पुलिस व्यवस्था और नए आपराधिक कानूनों के क्रियान्वयन से जुड़े विषयों पर चर्चा होगी।

भौंरी में IISER-अत्रि परिसर का शिलान्यास

अमित शाह भोपाल के भौंरी स्थित IISER परिसर में प्रस्तावित IISER भोपाल-अत्रि परिसर का शिलान्यास करेंगे। इसके साथ ही परिसर में स्थापित स्वामी विवेकानंद की नवनिर्मित प्रतिमा का अनावरण भी किया जाएगा।

नए परिसर के लिए राज्य सरकार ने 52 एकड़ जमीन उपलब्ध कराई है। यहां क्वांटम विज्ञान, उन्नत पदार्थ, ड्रोन तकनीक, सतत प्रणालियों, चिकित्सा तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और रोबोटिक्स जैसे क्षेत्रों में अनुसंधान, नवाचार और कौशल विकास पर काम प्रस्तावित है। परिसर में 'एकात्म पार्क' भी विकसित किया गया है।

Share:

Leave a Comment