enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश MP में 50 लाख श्रमिकों को महंगाई भत्ते का लाभ, 1 अक्टूबर से बढ़ा न्यूनतम वेतन

MP में 50 लाख श्रमिकों को महंगाई भत्ते का लाभ, 1 अक्टूबर से बढ़ा न्यूनतम वेतन

भोपाल(ईन्यूज एमपी)- प्रदेश के सरकारी और निजी क्षेत्र में काम करने वाले करीब 50 लाख श्रमिकों को एक अक्टूबर से बढ़े हुए परिवर्तनशील महंगाई भत्ते का लाभ मिलेगा। श्रम विभाग ने न्यूनतम वेतन दरों में संशोधन करते हुए प्रतिदिन 6 रुपए की बढ़ोतरी की है। नई दरें 27 मार्च 2027 तक प्रभावी रहेंगी।

नई दरों का लाभ सरकारी क्षेत्र के करीब 10 लाख और निजी क्षेत्र एवं उद्योगों में काम करने वाले करीब 40 लाख श्रमिकों को मिलेगा। श्रमायुक्त शीतला पटले द्वारा जारी आदेश में महंगाई सूचकांक के आधार पर न्यूनतम वेतन दरें निर्धारित की गई हैं।

67 सामान्य नियोजनों में कार्यरत श्रमिकों के लिए 26 दिन के आधार पर मासिक न्यूनतम वेतन तय किया गया है। इसमें अकुशल श्रमिक को 12,575 रुपए, अर्द्धकुशल को 13,571 रुपए, कुशल को 15,294 रुपए और उच्च कुशल श्रमिक को 16,919 रुपए प्रतिमाह मिलेंगे।

अगरबत्ती श्रमिकों की दर भी तय

अगरबत्ती रोलिंग के लिए 1000 अगरबत्ती पर 74.75 रुपए और सुगंधित स्टिक के लिए 75 रुपए की दर निर्धारित की गई है। मुद्रणालय समेत विभिन्न श्रेणियों के श्रमिकों के लिए भी नई दैनिक वेतन दरें लागू की गई हैं।

छह माह पहले हुई थी 9 रुपए की बढ़ोतरी

श्रम विभाग ने इससे पहले 1 अप्रैल 2026 से न्यूनतम वेतन दरों में संशोधन किया था। उस समय परिवर्तनशील महंगाई भत्ते के चलते औसतन 9 रुपए प्रतिदिन यानी करीब 234 रुपए मासिक की बढ़ोतरी हुई थी। अब एक अक्टूबर से 6 रुपए प्रतिदिन की अतिरिक्त वृद्धि लागू की गई है।

Share:

Leave a Comment