भोपाल(ईन्यूज एमपी)- मध्यप्रदेश में करीब 4500 संविदा बिजली कर्मचारी नियमितीकरण की मांग को लेकर आंदोलन की तैयारी में हैं। कर्मचारियों ने सरकार और विभाग को 5 अक्टूबर तक नियमितीकरण परीक्षा का नोटिफिकेशन जारी करने का अल्टीमेटम दिया है। बताया गया है कि 24 जुलाई को नियमितीकरण की योजना लागू की गई थी। योजना के तहत खाली नियमित पदों पर पात्र संविदा बिजली कर्मचारियों को नियुक्ति देने का प्रावधान है। हालांकि, योजना लागू होने के बाद अब तक विभाग की ओर से परीक्षा और नियुक्ति प्रक्रिया को लेकर आवश्यक नोटिफिकेशन जारी नहीं किया गया है। कर्मचारियों का कहना है कि यदि 5 अक्टूबर तक नोटिफिकेशन जारी नहीं हुआ तो पहले चरण में एक दिन का काम बंद किया जाएगा। इसके बाद भी मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन को आगे बढ़ाते हुए बिजली सप्लाई प्रभावित करने की चेतावनी दी गई है। कर्मचारियों ने बताया कि दिवाली से सात दिन पहले नोटिस देकर काम बंद करने की तैयारी है। इससे त्योहार के दौरान बिजली व्यवस्था को लेकर दबाव बढ़ सकता है। कर्मचारियों की मुख्य मांग नियमितीकरण की प्रक्रिया को जल्द शुरू कर परीक्षा और नियुक्ति संबंधी नोटिफिकेशन जारी करने की है।