सीधी(ईन्यूज एमपी)- जिले में सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत सोमवार को 417 आंगनबाड़ी केंद्रों में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रमों में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, महिलाओं, बच्चों और हितग्राहियों के बीच संवाद कर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से मिल रहे लाभ और उनके जीवन में आए बदलावों की जानकारी ली गई। कुसमी एवं चुरहट परियोजना के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में आयोजित कार्यक्रमों में विशेष रूप से लाड़ली लक्ष्मी योजना और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के हितग्राहियों से सीधा संवाद किया गया। हितग्राहियों ने योजनाओं से मिले लाभ और परिवार पर पड़े सकारात्मक प्रभावों की जानकारी साझा की। कुसमी परियोजना के आंगनबाड़ी केंद्र टमसार-5 में आयोजित कार्यक्रम में धौहनी विधायक कुंवर सिंह टेकाम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान जनपद सदस्य जमुनी देवी, टमसार सरपंच मकरंद सिंह सहित जनप्रतिनिधि, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, महिलाएं और बच्चे मौजूद रहे। विधायक टेकाम ने टमसार पंचायत की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता बच्चों और महिलाओं के स्वास्थ्य, पोषण, प्रारंभिक शिक्षा तथा शासन की योजनाओं का लाभ पात्र परिवारों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। कार्यक्रम में बच्चों को खिलौने एवं शिक्षण सामग्री वितरित की गई। महिलाओं और बच्चों को फल एवं मिठाई भी दी गई। विधायक ने बच्चों से संवाद कर उनके पोषण और प्रारंभिक शिक्षा के लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। विधायक कुंवर सिंह टेकाम ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र केवल बच्चों के पोषण और प्रारंभिक शिक्षा के केंद्र नहीं हैं, बल्कि ग्रामीण परिवारों तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। सरकार की प्राथमिकता है कि योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पंक्ति के जरूरतमंद परिवार तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से हितग्राहियों से सीधे संवाद कर यह जानने का प्रयास किया जा रहा है कि योजनाओं का वास्तविक लाभ उनके जीवन में किस तरह का बदलाव ला रहा है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता शासन और ग्रामीण परिवारों के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं, इसलिए प्रत्येक पात्र हितग्राही को योजनाओं से जोड़ने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करना जरूरी है। जिले के 417 आंगनबाड़ी केंद्रों में एक साथ आयोजित इस कार्यक्रम से सेवा, संवाद और जनभागीदारी की भावना को मजबूती मिली। कार्यक्रम के दौरान हितग्राहियों ने शासन की योजनाओं से मिल रहे लाभ के लिए आभार व्यक्त किया।