सीधी(ईन्यूज एमपी)- जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे “नशे से दूरी है जरूरी” अभियान में प्रभावी कार्रवाई और जनजागरूकता के लिए कुसमी थाना प्रभारी निरीक्षक अरुणा द्विवेदी को सम्मानित किया गया है। मध्य प्रदेश पुलिस एवं फ्री प्रेस की ओर से उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी के मार्गदर्शन में कुसमी पुलिस द्वारा नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई के साथ ही युवाओं, विद्यार्थियों और आमजन को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के लिए लगातार अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पुलिस द्वारा की गई प्रभावी कार्रवाई और जनजागरूकता गतिविधियों को देखते हुए निरीक्षक अरुणा द्विवेदी को यह सम्मान दिया गया। पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी ने निरीक्षक द्विवेदी को बधाई देते हुए कहा कि नशे के खिलाफ कार्रवाई के साथ युवाओं और समाज को जागरूक करना भी पुलिस की प्राथमिकता है। उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को लगातार प्रोत्साहित किया जाएगा। जिला पुलिस द्वारा नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने और नशामुक्त एवं जागरूक समाज के निर्माण के लिए “नशे से दूरी है जरूरी” अभियान जारी है।