enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश मध्य प्रदेश में फिर बदला मौसम, 4 दिन बारिश के आसार

मध्य प्रदेश में फिर बदला मौसम, 4 दिन बारिश के आसार

भोपाल(ईन्यूज एमपी)- मध्य प्रदेश के ऊपरी हिस्से में बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन के असर से प्रदेश में एक बार फिर बारिश का दौर शुरू हो सकता है। मौसम विभाग के अनुसार जबलपुर, रीवा और शहडोल संभाग में अगले चार दिनों तक गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।मंगलवार को पन्ना, सतना, रीवा, मैहर, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली और शहडोल में हल्की बारिश के आसार हैं। 7 और 8 अक्टूबर को भी इन क्षेत्रों में बारिश हो सकती है।

दिन में तेज धूप, रात में बढ़ी ठंडक

प्रदेश से मानसून की विदाई 3 अक्टूबर को हो चुकी है, लेकिन साइक्लोनिक सर्कुलेशन और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बारिश की गतिविधियां जारी रहने का अनुमान है। दिन में तेज धूप के कारण अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच रहा है, जबकि रात के तापमान में गिरावट से ठंडक बढ़ने लगी है।बीती रात इंदौर प्रदेश में सबसे ठंडा रहा। यहां न्यूनतम तापमान 17.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बैतूल में 17.5, छिंदवाड़ा में 17.6, पचमढ़ी में 18 और अमरकंटक में 18.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ।मौसम विशेषज्ञ शैलेंद्र कुमार नायक के अनुसार अक्टूबर में बारिश, गर्मी और ठंड तीनों का असर देखने को मिलता है। इस बार भी मौसम में इसी तरह का उतार-चढ़ाव बने रहने का अनुमान है।

प्रदेश में सामान्य से 4 प्रतिशत कम बारिश

इस बार दक्षिण-पश्चिम मानसून मध्य प्रदेश में करीब 100 दिन सक्रिय रहा। मानसून 24 जून को प्रदेश में पहुंचा था और 3 अक्टूबर को इसकी विदाई हुई।पूरे मानसूनी सीजन में प्रदेश में 908.4 मिमी यानी करीब 35.8 इंच बारिश हुई, जो सामान्य 949.5 मिमी यानी 37.3 इंच से करीब 1.5 इंच कम है। कुल मिलाकर प्रदेश में सामान्य से 4 प्रतिशत कम बारिश हुई। पूर्वी हिस्से में सामान्य से 4 प्रतिशत अधिक, जबकि पश्चिमी हिस्से में 12 प्रतिशत कम बारिश हुई।

सीधी-सिंगरौली समेत 25 जिलों में बारिश का कोटा पूरा

प्रदेश के 25 जिलों में बारिश का कोटा पूरा हो चुका है। इनमें भोपाल, राजगढ़, बुरहानपुर, खरगोन, कटनी, मंडला, डिंडौरी, ग्वालियर, गुना, दतिया, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, मैहर, आगर-मालवा, भिंड, श्योपुर, सिंगरौली, सीधी, सतना, मऊगंज, शहडोल, उमरिया और अनूपपुर शामिल हैं।
वहीं 30 जिलों में सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है। इनमें रीवा, जबलपुर, सागर, नरसिंहपुर, दमोह, बालाघाट, छिंदवाड़ा, सिवनी, पांढुर्णा, इंदौर, उज्जैन, बैतूल, हरदा, नर्मदापुरम, रायसेन, सीहोर, विदिशा, शाजापुर, रतलाम, धार, झाबुआ, आलीराजपुर समेत अन्य जिले शामिल हैं।

सीधी-सिंगरौली के लिए अगले दो दिन विशेष रूप से अहम हैं, क्योंकि मौसम विभाग ने गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई है।

Share:

Leave a Comment