भोपाल (ईन्यूज़ एमपी)। मध्यप्रदेश में ठंड का असर अब तेजी से बढ़ने लगा है। उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और हिमालयी क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी का असर प्रदेश के मौसम पर दिखाई देने लगा है। प्रदेश के कई जिलों में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। शाजापुर जिले का गिरवर 8.4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ प्रदेश में सबसे ठंडा रहा। वहीं राजधानी भोपाल में तापमान लुढ़ककर 9 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो सामान्य से 4.6 डिग्री कम है। राजधानी भोपाल में ठंड का असर तेजी से बढ़ा है। यहां एक ही रात में न्यूनतम तापमान में 3.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। सुबह और रात के समय ठंड बढ़ने से लोगों को गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ रहा है। प्रदेश के अन्य शहरों में भी न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। बैतूल में 9.2 डिग्री, रायसेन में 9.4 डिग्री, दमोह में 9.5 डिग्री, खजुराहो में 10.2 डिग्री और इंदौर में 10.6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में आने वाले चार दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट होने की संभावना है। इससे रात के समय ठंड का असर और बढ़ सकता है। वहीं कई जिलों में सुबह और शाम के समय धुंध छाए रहने की चेतावनी भी दी गई है। प्रदेश के पर्यटन स्थलों पर भी ठंड का असर दिखाई दे रहा है। अमरकंटक में दिन का अधिकतम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। वहीं पचमढ़ी में अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मंडला में सुबह घना कोहरा छाया रहा। फिलहाल दिन में धूप निकलने से लोगों को कुछ राहत मिल रही है, लेकिन सुबह और रात के तापमान में गिरावट के चलते ठंड का असर लगातार बढ़ रहा है। मौसम के बदलते मिजाज को देखते हुए लोगों को गर्म कपड़ों का इस्तेमाल करने और सुबह-शाम विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।