सीधी(ईन्यूज एमपी)- जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सेमरिया पुलिस ने ग्राम हनुमानगढ़ में कार्रवाई करते हुए 869 ग्राम गांजा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 8,690 रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार, 2 नवंबर 2026 को कार्यवाहक थाना प्रभारी सेमरिया सहायक उपनिरीक्षक भूपेंद्र सिंह बागरी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम हनुमानगढ़ निवासी शिवबालक यादव अपने घर के पीछे खेत में गांजा रखकर बिक्री के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहा है। सूचना पर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराने के बाद पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश दी। तलाशी के दौरान आरोपी शिवबालक यादव पिता स्वर्गीय दुलारे यादव, निवासी ग्राम हनुमानगढ़ के कब्जे से एक पन्नी में रखा 869 ग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने गांजा जब्त कर आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी एवं एसडीओपी चुरहट रवि प्रकाश कौल के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में सहायक उपनिरीक्षक भूपेंद्र सिंह बागरी, आरक्षक मनीष शुक्ला, अमित तिवारी, विनीत सिंह एवं प्रधान आरक्षक चालक जितेंद्र बागरी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।