enewsmp.com
Home क्राइम ट्रक से 735 किलो गांजा बरामद,एक करोड़ 13 लाख रुपये से अधिक का मशरूका जब्त,

ट्रक से 735 किलो गांजा बरामद,एक करोड़ 13 लाख रुपये से अधिक का मशरूका जब्त,

शहडोल(ईन्यूज एमपी)- जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जयसिंहनगर पुलिस ने गांजे की बड़ी खेप पकड़ी है। पुलिस ने एक संदिग्ध ट्रक की तलाशी के दौरान 735 किलो 440 ग्राम गांजा बरामद किया। मामले में ट्रक चालक और खलासी को गिरफ्तार किया गया है। गांजा, ट्रक और तीन मोबाइल फोन सहित कुल एक करोड़ 13 लाख 55 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, नवरात्रि पर्व के दौरान रात्रि गश्त और प्रभात गश्त के समय जयसिंहनगर थाना क्षेत्र में एक संदिग्ध ट्रक को रोककर जांच की गई। तलाशी के दौरान ट्रक से 18 बोरियों और 81 पैकेटों में भरा 735 किलो 440 ग्राम गांजा मिला। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 73 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने ट्रक चालक राहुल विश्वकर्मा (36), निवासी जमीनबारी गांव, जिला आजमगढ़ (उत्तर प्रदेश) और खलासी नारायण मंडल (50), निवासी अलगडीहा गांव, जिला गिरिडीह (झारखंड) को गिरफ्तार किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8 और 20 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

### ट्रक और मोबाइल सहित 1.13 करोड़ की जब्ती

पुलिस ने गांजे के परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे ट्रक की अनुमानित कीमत 40 लाख रुपये आंकी है। वहीं, आरोपियों के कब्जे से जब्त तीन मोबाइल फोन की कीमत पांच हजार रुपये बताई गई है। गांजे की कीमत 73 लाख 50 हजार रुपये, ट्रक की कीमत 40 लाख रुपये और मोबाइल फोन की कीमत जोड़कर कुल जब्ती एक करोड़ 13 लाख 55 हजार रुपये की हुई है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की खेप कहां से लाई जा रही थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। साथ ही इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों, सप्लाई नेटवर्क और संभावित खरीदारों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। कार्रवाई के संबंध में पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय कुमार अग्रवाल ने जानकारी दी।

Share:

Leave a Comment