सिंगरौली-गढ़वा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, झारखंड में लूटी RONIN बाइक भी बरामद सिंगरौली/जयंत(ईन्यूज एमपी)- जयंत स्थित कंचन ज्वेलर्स में हुई हथियारबंद डकैती के मामले में सिंगरौली पुलिस ने चौथे आरोपी को गिरफ्तार किया है। सिंगरौली और गढ़वा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में सोनू उर्फ शाबिर अंसारी (29), निवासी पतिहारी, गढ़वा (झारखंड) को पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से उसकी निशानदेही पर 15.33 ग्राम सोना और 3,500 रुपए नकद बरामद किए गए हैं। डकैती के साथ बाइक लूट का भी खुलासा पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान आरोपी का संबंध झारखंड के रंका और हरिहरपुर क्षेत्र में हुई मोटरसाइकिल लूट की घटनाओं से भी सामने आया। आरोपी की निशानदेही पर लूटी गई RONIN मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि बरामद मोटरसाइकिल झारखंड की लूट की घटना से संबंधित है, जबकि सोना और नकदी कंचन ज्वेलर्स डकैती में आरोपी के हिस्से से संबंधित बताए गए हैं। 10 टीमें अलग-अलग राज्यों में कर रहीं तलाश कंचन ज्वेलर्स में हथियारों के बल पर हुई डकैती के बाद सिंगरौली पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 10 पुलिस टीमें गठित कर अलग-अलग राज्यों में तलाश शुरू की थी। पुलिस के अनुसार मामले में अब तक चार आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। वहीं शमशाद अंसारी समेत अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों, डकैती में उनकी भूमिका और संभावित अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ व जांच कर रही है।