सीधी(ईन्यूज एमपी)- जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जमोड़ी पुलिस ने एक युवक को 10.05 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त मादक पदार्थ की कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से आईफोन 12 प्रो मोबाइल और करीब 1 लाख 30 हजार रुपये कीमत की मोटरसाइकिल भी जब्त की है। पुलिस के अनुसार, 31 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक मोटरसाइकिल क्रमांक MP53 ZE 9892 से बाईपास रोड पर ब्राउन शुगर बेचने के लिए खड़ा है। सूचना पर जमोड़ी पुलिस टीम ने घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 10.05 ग्राम ब्राउन शुगर जैसा मादक पदार्थ बरामद हुआ।गिरफ्तार आरोपी की पहचान अंकित लखेरा (25 वर्ष), पिता कृष्णपाल लखेरा, निवासी सर्वोदय चौराहा, थाना कोतवाली, सीधी के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह रीवा निवासी आशुतोष से व्हाट्सऐप के माध्यम से ब्राउन शुगर खरीदता था और उसे सीधी लाकर बिक्री करता था। आरोपी के मुताबिक वह करीब डेढ़ साल से इस अवैध कारोबार में संलिप्त था। पुलिस अब रीवा निवासी आशुतोष की भूमिका और मादक पदार्थ की सप्लाई के नेटवर्क की जांच कर रही है। आरोपी के विरुद्ध थाना जमोड़ी में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8, 21 एवं 22 के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया है।पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी एवं डीएसपी मुख्यालय राघवेंद्र द्विवेदी के मार्गदर्शन में हुई इस कार्रवाई में थाना प्रभारी केदार परौहा सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।