enewsmp.com
Home क्राइम कमर्जी पुलिस ने अंतरजिला चोरी गिरोह के वांछित आरोपी को अलीराजपुर जेल से पकड़ा

कमर्जी पुलिस ने अंतरजिला चोरी गिरोह के वांछित आरोपी को अलीराजपुर जेल से पकड़ा

सीधी(ईन्यूज एमपी)- कमर्जी थाना पुलिस ने कोल्हूडीह में हुई सनसनीखेज चोरी के मामले में फरार चल रहे अंतरजिला चोरी गिरोह के वांछित आरोपी को अलीराजपुर जेल से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान गणेश उर्फ गणेशिया उर्फ गन सिंह पिता मंगू सिंह, निवासी कांठी, थाना टांडा, जिला धार के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी के हिस्से की नगदी भी बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, 1 मार्च 2026 को ग्राम कोल्हूडीह निवासी रोशन सिंह चौहान ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोर उनके पैतृक मकान का दरवाजा तोड़कर आलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात और 23 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए। जांच के दौरान घर में लगे सीसीटीवी फुटेज में 23 फरवरी की देर रात अर्टिगा कार से पहुंचे बदमाश चोरी करते दिखाई दिए थे।

मामले में थाना कमर्जी में अपराध क्रमांक 72/26 के तहत BNS की धारा 331(4), 305(ए) में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने टोल प्लाजा के सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण करते हुए घटना में प्रयुक्त अर्टिगा कार क्रमांक MP 13 AF 4720 और धार जिले के चोरी गिरोह की पहचान की।

इस मामले में पुलिस पहले ही दिनेश मण्डलोई, अदन अलावा, अरल पारधी और परम सिंह को गिरफ्तार कर चुकी है। इनके कब्जे से चोरी का माल और घटना में प्रयुक्त वाहन भी जब्त किया गया था।

विवेचना के दौरान पुलिस को पता चला कि मामले का फरार आरोपी गणेश उर्फ गणेशिया अलीराजपुर जेल में निरुद्ध है। इसके बाद कमर्जी पुलिस ने न्यायालय चुरहट से प्रोडक्शन वारंट प्राप्त किया और आरोपी को अलीराजपुर जेल से लाकर 1 अक्टूबर को विधिवत गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपी के कब्जे से चोरी की रकम में उसका हिस्सा बरामद किया गया। न्यायालय में पेश करने के बाद आरोपी को जिला जेल सीधी भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार मामले में फरार अन्य आरोपियों और चोरी के माल के खरीदारों की तलाश जारी है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में आगे की विवेचना की जा रही है।

कार्रवाई में थाना प्रभारी कमर्जी उपनिरीक्षक सुधाकर सिंह परिहार, सउनि. केशरी पाण्डेय, सउनि. गोविन्दलाल साकेत, प्रधान आरक्षक दयानंद रावत, आरक्षक अनिल सिंह, आरक्षक धीरशाह सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Share:

Leave a Comment