enewsmp.com
Home क्राइम चुरहट में दिल दहला देने वाली वारदात: पिता ने 6 साल की मासूम बेटी को चाकू और हंसिये से गोदा, मौत

चुरहट में दिल दहला देने वाली वारदात: पिता ने 6 साल की मासूम बेटी को चाकू और हंसिये से गोदा, मौत

सीधी(ईन्यूज एमपी)- जिले के चुरहट थाना क्षेत्र में सोमवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और छह साल की मासूम बेटी पर चाकू और हंसिये से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल बेटी ऋतु केवट की मौत हो गई, जबकि पत्नी सावित्री केवट घायल है। वारदात के बाद आरोपी उमेश केवट ने अपने गले पर भी चाकू से वार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

घटना मंमदर तालाब के पास की है, जहां उमेश अपने परिवार के साथ मढैया बनाकर रह रहा था। बताया गया है कि वह तालाब में सिंघाड़ा बोने का काम करता था। सोमवार रात परिवार सो रहा था, तभी अचानक उमेश ने हमला कर दिया। उसने पत्नी सावित्री के मुंह पर चाकू से वार किया और इसके बाद छह साल की बेटी ऋतु पर चाकू और हंसिये से ताबड़तोड़ हमला किया। बच्ची के गर्दन, चेहरे, छाती, हाथ, पैर और पेट सहित शरीर के कई हिस्सों पर 10 से अधिक वार किए गए।

घायल सावित्री के मुताबिक, पिछले तीन दिनों से उमेश का व्यवहार असामान्य था। वह अचानक गुस्सा हो जाता था, गाली-गलौज करता और मारने के लिए दौड़ता था। परिवार ने उसका व्यवहार ठीक करने के लिए झाड़-फूंक भी कराई थी। सावित्री ने बताया कि रविवार से उसके व्यवहार में कुछ सुधार दिखाई दे रहा था, लेकिन सोमवार रात अचानक उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दे दिया।

सावित्री ने बताया कि वह अपनी दोनों बेटियों के साथ एक ही खाट पर लेटी हुई थी, जबकि उमेश दूसरी खाट पर सो रहा था। इसी दौरान वह अचानक चाकू लेकर पहुंचा और सावित्री के मुंह पर हमला कर दिया। इसके बाद उसने मासूम ऋतु को निशाना बनाया। गंभीर चोटों के कारण बच्ची की जान नहीं बच सकी।

घटना की सूचना मिलते ही चुरहट पुलिस मौके पर पहुंची और घायल मां-बेटी को उपचार के लिए रीवा के संजय गांधी अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, गंभीर चोटों के चलते छह वर्षीय ऋतु की मौत हो गई। बच्ची के शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया है। आरोपी उमेश के गले पर भी चाकू से चोट आई है। वह मूल रूप से रीवा जिले के गुढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत बघवार गांव का निवासी बताया गया है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Share:

Leave a Comment