enewsmp.com
Home क्राइम सीधी पुलिस की नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, एक दिन में 6 जगह दबिश; 18 किलो से अधिक गांजा जब्त

सीधी पुलिस की नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, एक दिन में 6 जगह दबिश; 18 किलो से अधिक गांजा जब्त

सीधी(ईन्यूज एमपी)- जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष एंटी-नारकोटिक्स अभियान के तहत सीधी पुलिस ने एक ही दिन में बड़ी कार्रवाई करते हुए छह अलग-अलग थाना क्षेत्रों में छह प्रकरण दर्ज किए हैं। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान कुल 18 किलो 185 ग्राम गांजा एवं हरे गांजे के पौधे जब्त किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 81 हजार रुपये बताई गई है। सभी छह मामलों में छह आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।

पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस महानिरीक्षक रीवा जोन गौरव राजपूत एवं उप पुलिस महानिरीक्षक रीवा रेंज हेमंत चौहान के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक सीधी संतोष कोरी के नेतृत्व में जिलेभर में समन्वित कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार थाना बहरी क्षेत्र में राजकुमार सिंह गोड़ निवासी नकझर खुर्द के कब्जे से 8 किलो 200 ग्राम हरे गांजे के पौधे जब्त किए गए। वहीं थाना मझौली क्षेत्र में जयकरण साहू (36), निवासी चुवाही अतरैला टोला के यहां से 8 किलो 503 ग्राम हरे गांजे के पौधे बरामद हुए।

इसी तरह कोतवाली पुलिस ने पन्ना लाल सिंह चंदेल (49), निवासी बेल्हा के पास से 400 ग्राम गांजा जब्त किया। चुरहट थाना क्षेत्र में कल्पना कोरी (35), निवासी मिश्रगवां मोड़ के पास से 300 ग्राम, रामपुर नैकिन थाना क्षेत्र में कामता कोल (50), निवासी कंधवार केदार सिंह टोला के पास से 332 ग्राम तथा कमर्जी थाना क्षेत्र में रावेन्द्र कुशवाहा (30), निवासी किरौहा के कब्जे से 450 ग्राम गांजा बरामद किया गया।

एक ही दिन में छह थाना क्षेत्रों में हुई इस कार्रवाई को जिले में नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान की बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। सीधी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मादक पदार्थों के अवैध उत्पादन, परिवहन और बिक्री में संलिप्त लोगों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।

पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि नशे के अवैध कारोबार या इससे जुड़ी गतिविधियों की जानकारी पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

Share:

Leave a Comment