संतान न होने पर बच्ची को पालने की नीयत से अपहरण का आरोप, चार गिरफ्तार रीवा(ईन्यूज एमपी)- समान थाना क्षेत्र की गड़रिया बस्ती से अपहृत ढाई साल की मासूम बच्ची को पुलिस ने सीधी जिले के धनहा गांव से सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, बच्ची को अगवा करने की वजह संतान न होना और उसे पालने की नीयत सामने आई है। जानकारी के अनुसार, गड़रिया बस्ती निवासी मजदूर महिला काम से घर लौटी तो उसकी ढाई साल की बच्ची गायब थी। महिला ने समान थाने पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तत्काल आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और लोगों से पूछताछ शुरू की। जांच में सामने आया कि बच्ची सुबह अपने भाई के साथ आंगनवाड़ी गई थी। पुलिस के मुताबिक, आंगनवाड़ी में काम करने वाली युवती और पास में रहने वाली महिला ने बच्ची के अपहरण की साजिश रची। आरोपियों ने बच्ची को बोरी में बंद किया और केशकली कोल अपने पति रविशंकर मालवीय के साथ उसे लेकर सीधी जिले के धनहा गांव स्थित मायके चली गई। पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर रात में ही सीधी पहुंचकर बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया और परिजनों को सौंप दिया। मामले में पुलिस ने रविशंकर मालवीय, केशकली कोल, रिया वर्मा और रीनू रावत को गिरफ्तार किया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।