बहरी/सीधी(ईन्यूज एमपी)- जिले के बहरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चोराही में गुरुवार सुबह तालाब में 35 वर्षीय युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान रामाधार सांधिया के रूप में हुई है। बताया गया कि युवक पिछले दो दिनों से लापता था और परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। इसी बीच तालाब में शव मिलने की सूचना से परिवार में मातम छा गया। जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 9:30 बजे ग्रामीणों ने तालाब में एक युवक का शव देखा। इसकी सूचना तत्काल बहरी थाना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। मृतक के पिता राजबहोर सांधिया ने शव की पहचान अपने बेटे रामाधार के रूप में की। पुलिस को घटनास्थल के पास से सफेद रंग का एक तौलिया भी मिला है, जिसे कब्जे में लेकर जांच में शामिल किया गया है। बहरी थाना प्रभारी राजेश पांडे के अनुसार, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की गई है। फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की जानकारी सामने आ सकेगी। घटना के बाद चोराही गांव में शोक का माहौल है।