सीधी(ईन्यूज एमपी)- जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार 2.0 के तहत कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने ग्राम विजयपुर में एक घर की तलाशी के दौरान 22 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 2 लाख 20 हजार रुपये बताई गई है। मामले में पुलिस ने 23 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, 18 अक्टूबर को नवरात्रि के मद्देनजर शहर भ्रमण और यातायात व्यवस्था ड्यूटी के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम विजयपुर निवासी शिवम सिंह उर्फ शिब्बू सिकरवार अपने घर में बिक्री के लिए गांजा रखे हुए है। सूचना मिलने के बाद कोतवाली पुलिस ने स्वतंत्र साक्षियों की मौजूदगी में आरोपी के घर दबिश देकर तलाशी ली। तलाशी के दौरान कमरे में रखे दो बैगों से अलग-अलग पैकेटों में भरा कुल 22 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजे का वजन कर उसे विधिवत जब्त कर लिया। एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज पुलिस ने गांजा रखने के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर शिवम सिंह उर्फ शिब्बू सिकरवार, पिता संतोष सिंह सिकरवार, उम्र 23 वर्ष, निवासी ग्राम विजयपुर, थाना कोतवाली, जिला सीधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के विरुद्ध धारा 8/20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस अब गांजे के स्रोत और अवैध कारोबार से जुड़े अन्य संभावित लोगों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक रीवा जोन गौरव राजपूत द्वारा संचालित ऑपरेशन प्रहार 2.0 के तहत उप पुलिस महानिरीक्षक रीवा क्षेत्र हेमंत चौहान के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक सीधी संतोष कोरी के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी और उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय राघवेंद्र द्विवेदी का नेतृत्व रहा। कोतवाली थाना प्रभारी उपनिरीक्षक दिव्य प्रकाश त्रिपाठी के नेतृत्व में एएसआई राजमणि रजक, प्रधान आरक्षक रणबहादुर, बालेन्द्र, सूरज सिंह, ममता और आरक्षक अवधेश कुशवाहा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सीधी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अवैध मादक पदार्थों के कारोबार की जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचित करें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।