सीधी(ईन्यूज एमपी)- जिले के मड़वास थाना क्षेत्र अंतर्गत पुलिस चौकी पथरौला के ग्राम धनीगवां के पश्चिम टोला में शुक्रवार सुबह जमीन विवाद को लेकर खूनी वारदात सामने आई। यहां कुल्हाड़ी से हमला कर 50 वर्षीय सीता प्रसाद गुप्ता की हत्या किए जाने की सूचना है। घटना सुबह करीब 7:30 बजे की बताई जा रही है। वारदात के बाद गांव में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गुप्ता परिवार के बीच जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते शुक्रवार सुबह मामला हिंसक हो गया। आरोप है कि सीता प्रसाद गुप्ता पर कुल्हाड़ी से हमला किया गया, जिससे उनकी मौत हो गई। इस मामले में मृतक के रिश्ते के चचेरे भाई साहिल गुप्ता पर हत्या में शामिल होने का आरोप लगाया जा रहा है। हालांकि, घटना में उसकी भूमिका और वारदात के पीछे की वास्तविक वजह की आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। घटना की सूचना मिलते ही मड़वास थाना एवं पथरौला चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। हत्या में प्रयुक्त हथियार, विवाद की पृष्ठभूमि और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है। जमीन विवाद में हुई इस हत्या से धनीगवां सहित आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल है। फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम और आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।