12वीं में 70% अंक और स्कूल में प्रथम स्थान जरूरी, ई-स्कूटी के लिए ₹1.20 लाख तक की राशि भोपाल(ईन्यूज एमपी)-राजधानी भोपाल के शिवाजी नगर स्थित शासकीय सुभाष उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में शनिवार को मुख्यमंत्री स्कूटी योजना का राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में मंत्री राव उदय प्रताप सिंह, मंत्री कृष्णा गौर और मंत्री विजय शाह सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे। इस योजना के तहत प्रदेश के 7,400 से अधिक मेधावी विद्यार्थियों को स्कूटी खरीदने के लिए राशि प्रदान की जा रही है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पात्र विद्यार्थियों के बैंक खातों में राशि ट्रांसफर करेंगे तथा कुछ विद्यार्थियों को सांकेतिक रूप से वाहन की चाबी भी प्रदान की जाएगी। इस बार बदले पात्रता के नियम मुख्यमंत्री स्कूटी योजना में इस वर्ष पात्रता के नियमों में बदलाव किया गया है। अब शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल के नियमित विद्यार्थी को 12वीं की परीक्षा प्रथम प्रयास में पास करने के साथ कम से कम 70 प्रतिशत अंक हासिल करना और अपने स्कूल में प्रथम स्थान प्राप्त करना जरूरी है। योजना का लाभ सभी संकायों के पात्र विद्यार्थियों को मिलेगा। ई-स्कूटी के लिए 1.20 लाख तक पात्र विद्यार्थियों को अपनी पसंद का निर्धारित वाहन चुनने की सुविधा दी गई है। ई-स्कूटी के लिए अधिकतम ₹1.20 लाख और अन्य मोटराइज्ड वाहन के लिए ₹90 हजार तक की राशि निर्धारित है। ई-स्कूटी की राशि में वाहन की एक्स-शोरूम कीमत के साथ रजिस्ट्रेशन, इंश्योरेंस, दो हेलमेट और निर्धारित एसेसरीज का खर्च शामिल है। राशि मिलने से पहले वाहन खरीदा तो कार्रवाई योजना के तहत विद्यार्थियों को वाहन खरीदने से पहले निर्धारित प्रक्रिया पूरी करनी होगी। खाते में योजना की राशि आने से पहले वाहन खरीदना नियमों के विपरीत माना जाएगा। ऐसी स्थिति में विद्यार्थी, उसके पालक और संबंधित जिला शिक्षा अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई का प्रावधान बताया गया है। सरकार ने मुख्यमंत्री स्कूटी योजना को 2026-27 से 2030-31 तक जारी रखने के लिए ₹495 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति भी दी है।