मऊगंज (ईन्यूज़ एमपी)। मऊगंज जिले में पिछले करीब छह महीने से मऊगंज, रीवा और सीधी क्षेत्र में घूम रहे हाथियों के जोड़े को लेकर एक दुखद खबर सामने आई है। मलकपुर क्षेत्र में करंट लगने से मादा हाथी की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि हाथी खुले विद्युत तार की चपेट में आ गई और करंट प्रवाहित तार उसकी सूंड में फंस गया। तेज करंट लगने के कारण उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की जानकारी सामने आते ही ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। हाथी की मौत की खबर क्षेत्र में तेजी से फैल गई और वन विभाग के अमले को भी घटना की जानकारी दी गई। बताया जा रहा है कि हाथियों का यह जोड़ा पिछले कई महीनों से मऊगंज, रीवा और सीधी जिले के अलग-अलग इलाकों में विचरण कर रहा था। हाथियों की मौजूदगी को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार निगरानी और सतर्कता की जरूरत बनी हुई थी। इसी बीच मलकपुर में खुले विद्युत तार की चपेट में आने से मादा हाथी की मौत ने वन्यजीवों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल घटना के बाद वन विभाग की टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की जानकारी सामने आई है। वहीं, हाथियों के जोड़े में शामिल दूसरे हाथी की सुरक्षा को लेकर भी क्षेत्र में चिंता बढ़ गई है।