सिंगरौली(ईन्यूज एमपी)- सिंगरौली के तेलाई मोड़ पर गुरुवार देर रात करीब 12 बजे तेज रफ्तार बोलेरो अचानक सामने आई गाय से टकराकर अनियंत्रित हो गई। टक्कर के बाद बोलेरो हवा में उछली और डिवाइडर से टकराने के बाद सड़क पर करीब पांच बार पलट गई। हादसे में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, चदावल निवासी राकेश अपनी नई बोलेरो से तेज रफ्तार में जा रहा था। तेलाई मोड़ के पास अचानक सड़क पर गाय आ गई। चालक ने वाहन संभालने का प्रयास किया, लेकिन बोलेरो गाय से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन डिवाइडर से टकराकर कई बार पलट गया। हादसे के बाद बोलेरो कुछ दूर तक पलटती रही और करीब पांच बार पलटने के बाद अपने आप सीधी होकर सड़क पर खड़ी हो गई। दुर्घटना में चालक कुछ देर तक वाहन के अंदर फंसा रहा। इसी दौरान बोलेरो का ऑटोमेटिक गेट खुलने से चालक बाहर गिर गया। हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल चालक को अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद मौके पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। शराब के नशे की भी चर्चा, पुलिस ने नहीं की पुष्टि सूत्रों के अनुसार, हादसे के समय चालक के शराब के नशे में होने की बात भी सामने आई है। हालांकि, पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। फिलहाल पुलिस ने लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोतवाली थाना प्रभारी अभिमन्यु द्विवेदी ने शुक्रवार को बताया कि घायल चालक की हालत अब ठीक है और उसका इलाज जारी है। चालक के बयान, डॉक्टरों की रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।