enewsmp.com
Home क्राइम सीधी पुलिस ने अंतरजिला गिरोह का किया पर्दाफाश: तीन आरोपी गिरफ्तार, डेढ़ लाख का माल बरामद

सीधी पुलिस ने अंतरजिला गिरोह का किया पर्दाफाश: तीन आरोपी गिरफ्तार, डेढ़ लाख का माल बरामद

मझौली-पिपराव पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, मैहर की महिला से लूट का भी खुलासा; वारदात में इस्तेमाल पल्सर जब्त

सीधी(ईन्यूज एमपी)- मझौली थाना और पिपराव चौकी पुलिस की संयुक्त टीम ने अंतरजिला चोरी और झपटमारी की घटनाओं का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सीधी जिले के दो मामलों में करीब 1.50 लाख रुपये कीमत का मशरुका, नगदी और अन्य सामान बरामद किया है। वारदात में इस्तेमाल पल्सर मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। पूछताछ में आरोपियों ने मैहर जिले के रामनगर थाना क्षेत्र में महिला से लूट की एक घटना को अंजाम देना भी स्वीकार किया है।

पुलिस के अनुसार, 7 सितंबर 2026 को ग्राम परसिली में रामपुर नैकिन थाना क्षेत्र के ग्राम खड्डी निवासी बृजभान रावत के साथ जबरन सामान ले जाने की घटना हुई थी। मामले में मझौली थाने में अपराध क्रमांक 642/2026, धारा 308(2), 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान दशरथ सिंह बैस (23), अमृतलाल उर्फ चुटिया कोल (25) और सचिन कुमार सोनी (22) को पकड़ा गया। तीनों आरोपी ग्राम अरगट, थाना रामनगर, जिला मैहर के निवासी हैं।

पूछताछ में आरोपियों ने 29 जून 2026 को ग्राम करवाही में महिला से मोबाइल और नगदी झपटने की वारदात भी कबूल की। यह मामला मझौली थाने में अपराध क्रमांक 431/2026, धारा 304(2), 3(5) बीएनएस के तहत दर्ज है।

पुलिस ने दोनों प्रकरणों में करीब 1.50 लाख रुपये का मशरुका बरामद किया है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त पल्सर बाइक भी जब्त की गई है।

मैहर की लूट भी कबूली

पूछताछ में आरोपियों ने रामनगर थाना, जिला मैहर के अपराध क्रमांक 423/2026 में महिला के साथ लूट की घटना को अंजाम देना भी बताया। सीधी पुलिस ने इसकी सूचना रामनगर पुलिस को दे दी है। अब मैहर पुलिस आरोपियों को अपने प्रकरण में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई करेगी।

गिरफ्तार आरोपी दशरथ सिंह बैस का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। उसके खिलाफ मैहर जिले में पूर्व से छह अपराध दर्ज बताए गए हैं। वर्तमान मामलों को मिलाकर उसके विरुद्ध कुल नौ अपराध पंजीबद्ध होना पाया गया है।

तीनों आरोपियों को 12 सितंबर 2026 को गिरफ्तार कर मझौली थाने के दोनों प्रकरणों में न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। कार्रवाई में मझौली थाना प्रभारी उपनिरीक्षक विशाल शर्मा, पिपराव चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक शेषमणि मिश्रा सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Share:

Leave a Comment