मंदसौर(ईन्यूज एमपी)-महू-नीमच राजमार्ग पर ग्राम लखमाखेड़ी के पास शनिवार-रविवार की दरमियानी रात करीब 2:30 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार मिनी ट्रक ने पीछे से मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रॉली पलट गई। हादसे में एक 6 वर्षीय बालिका और एक महिला की मौत हो गई, जबकि 17 लोग घायल हुए हैं। जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर-ट्रॉली में करीब 20 लोग सवार थे। इनमें रेलवे ठेकेदार के यहां काम करने वाले मजदूरों के साथ उनके बच्चे भी शामिल थे। सभी मजदूर रात में मंदसौर से उज्जैन की ओर जा रहे थे। लखमाखेड़ी के पास मिनी ट्रक ने ट्रॉली को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी, जिससे ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 45 वर्षीय बसंती पत्नी घेरु निवासी किलसिया रावी और 6 वर्षीय प्रियंका पुत्री नेमचंद निवासी मोटूगा की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घायलों में 18 वर्षीय कल्पना, 22 वर्षीय सविता, 23 वर्षीय राहुल, 14 वर्षीय नीरु, 15 वर्षीय सुरपाल, 8 वर्षीय सदेव, 18 वर्षीय चंचल, 28 वर्षीय सोनु, 4 वर्षीय कुशाल, 23 वर्षीय लीला, 5 वर्षीय आशा, 18 वर्षीय गोपाल, 19 वर्षीय मनीष, 10 वर्षीय पूजा, 7 वर्षीय करण, 30 वर्षीय पप्पूडीबाई और 35 वर्षीय ट्रैक्टर चालक शंकर शामिल हैं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मिनी ट्रक चालक के संबंध में पुलिस द्वारा जानकारी जुटाई जा रही है।