enewsmp.com
Home सीधी दर्पण सीधी के बीछी पतेर में दो जंगली हाथियों का मूवमेंट, बिजली सप्लाई बंद

सीधी के बीछी पतेर में दो जंगली हाथियों का मूवमेंट, बिजली सप्लाई बंद

मऊगंज से तुर्रा पहाड़ होते हुए सीधी के जंगल में पहुंचे हाथी, खेतों में पहुंचकर धान की फसल को पहुंचा रहे नुकसान; वन विभाग ने ग्रामीणों को किया सतर्क

सीधी(ईन्यूज एमपी)-गणेश चतुर्थी के बीच सीधी जिले के उत्तरी क्षेत्र में दो जंगली हाथियों की मौजूदगी से ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है। दोनों हाथी मऊगंज जिले की ओर से सीधी सीमा में प्रवेश करने के बाद तुर्रा पहाड़ होते हुए अब बीछी पतेर गांव के जंगल क्षेत्र में पहुंच गए हैं। यहां दोनों हाथी घने बांसों के बीच डेरा जमाए हुए हैं।

हाथियों के सीधी सीमा में पहुंचने की सूचना मिलते ही वन विभाग की रेस्क्यू टीम सक्रिय हो गई। टीम ने रात करीब 1 बजे तुर्रा पहाड़ पहुंचकर दोनों हाथियों की निगरानी शुरू की थी। इसके बाद हाथियों के मूवमेंट पर लगातार नजर रखी जा रही है।

बताया जा रहा है कि दोनों हाथी दिन के समय जंगल में एक स्थान पर रुकते हैं, जबकि शाम ढलने के बाद उनका मूवमेंट बढ़ जाता है। जंगल से निकलकर हाथी आसपास के खेतों तक भी पहुंच रहे हैं। इस दौरान किसानों की धान की फसल को नुकसान पहुंचने की जानकारी सामने आई है।हाथियों के मूवमेंट को देखते हुए वन विभाग ने सीधी के उत्तरी इलाके में बिजली सप्लाई बंद कराने की कार्रवाई भी कराई है। विभाग का उद्देश्य हाथियों और ग्रामीणों दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है, ताकि रात के समय हाथी बिजली लाइनों के संपर्क में न आएं और किसी अप्रिय घटना की स्थिति न बने।

वन विभाग की टीम लगातार हाथियों की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है। ग्रामीणों को हाथियों के नजदीक जाने, उन्हें देखने के लिए भीड़ लगाने या उनका पीछा करने से बचने की सलाह दी गई है।वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि शाम के बाद अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें। रात के समय खेतों और जंगल की ओर जाने से बचें तथा संभव हो तो पक्के मकानों में रहें। विभाग ने ग्रामीणों को अगले तीन दिनों के लिए घर में पर्याप्त पानी का इंतजाम रखने की भी अपील की है।

दोनों हाथियों की लगातार निगरानी की जा रही है और उनके अगले मूवमेंट के अनुसार वन विभाग की टीम आवश्यक कार्रवाई करेगी।

Share:

Leave a Comment